Budaun News: सड़क धंसने से नाले में पलटी मक्का लदी ट्रॉली

उझानी में नाले में पलटी मक्का लदी ट्रॉली। संवाद
अढौली रेल फाटक के पास मंगलवार दोपहर हादसा, चालक ने कूदकर बचाई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। अढौली रेल फाटक के पास खस्ताहाल सड़क धंसने से मक्का लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। ऐसे में चालक ने जैसे-तैसे कूदकर जान बचाई।
हादसा अढौली रेल फाटक के पास मंगलवार दोपहर हुआ। रेलवे के मालगोदाम पर मक्का की रैक लोड होने के लिए पहुंची। इसके लिए ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मक्का पहुंचाई जाने लगी। इसी दौरान फाटक पार कर मक्का लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली धर्मकांटे की ओर बढ़ी तो सामने से ट्रक आ गया।
ट्रक से बचने के लिए चालक ने ट्रैक्टर साइड में ले लिया, लेकिन ट्रॉली का पहिया पड़ने से नाले के पास सड़क धंस गई। सड़क धंसते ही ट्रॉली नाले में पलट गई। यह देख चालक हरिओम टैक्टर से कूद गया। बता दें कि फाटक के पास पिछले महीने भी मक्का लदी ट्रॉली पलट गई थी। उस दौरान चालक भी घायल हो गया था। बाइक सवार तीन राहगीर बाल-बाल बच गए थे।
–
फाटक से लेकर लिंक रोड मोड़ तक क्षतिग्रस्त है सड़क
रेलवे के मालगोदाम पर रैक में लोडिंग और अनलोडिंग के लिए रोजाना सैकड़ों की संख्या में अनाज और यूरिया लदे ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों हाईवे से होकर लिंक रोड से स्टेशन रोड के रास्ते निकलते हैं। लिंक रोड मोड़ से लेकर अढौली फाटक पार तक सड़क गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में क्षमता से अधिक लोड होता है, ऐेसे में गड्ढों में पहिया जाते ही वाहन हिचकोले लेने लगते हैं। रेलवे फाटक के दोनों ओर तो सबसे ज्यादा खराब स्थिति है। पास में नाला होने की वजह से बाइक और कार सवारों को बचकर निकलने में दिक्कत होती है।