Budaun News: पति की लंबी आयु के लिए सुहागिनों ने की वट सावित्री पूजा

पुलिस लाइन में वट वृक्ष पूजन करती महिलाएं। संवाद
– करवा चौथ के समतुल्य होता है इस पर्व का महत्व
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। अखंड सुहाग के लिए सुहागिन महिलाओं ने शुक्रवार को वट सावित्री व्रत रखा। भगवान ब्रह्मा, सावित्री और सत्यवान के साथ वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर महिलाओं ने पति के लंबी आयु की कामना की। शहर में कई स्थानों पर वट वृक्ष की पूजा की गई।
सनातन धर्म में वट सावित्री व्रत को करवाचौथ के समान ही माना गया है। ऐसी मान्यता है कि सती सावित्री ने पति सत्यवान की मृत्यु होने पर यह व्रत रखकर यमराज से सत्यवान के प्राण बचाए थे। वट सावित्री व्रत ज्येष्ठ माह कृष्ण पक्ष की अमावस्या को रखा जाता है। महिलाओं ने वट सावित्री व्रत के दिन सुबह ही घर को गंगाजल से पवित्र कर भगवान ब्रह्मा के साथ सती सावित्री की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। शहर में महिलाओं ने वट वृक्ष के जड़ में जल अर्पित करते हुए रोली, सूत व धूप आदि से पूजन किया। सूत के धागे को वट वृक्ष में लपेटकर तीन बार परिक्रमा करते हुए सती सावित्री एवं सत्यवान की कथा सुनी। पूजा समाप्त होने के बाद वस्त्र व फल आदि का दान कर महिलाओं ने पति की लंबी आयु का आशीर्वाद मांगा।