Budaun News: पोस्टमार्टम हाउस पहुंची मेडिकल कॉलेज की टीम, बिंदुवार की जांच

पोस्टमार्टम हाउस। संवाद
बदायूं। मेडिकल कॉलेज की तीन डॉक्टरों की टीम शुक्रवार को दिन में 11 बजे पोस्टमार्टम हाउस पहुंची और बिंदुवार जांच की। टीम ने पोस्टमार्टम हाउस प्रभारी फार्मासिस्ट से लेकर उस दिन डयूटी पर रहे होमगार्डों से भी पूछताछ की। अब टीम अपनी जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपेगी।
महिला के शव से आंख निकालने के मामले में मेडिकल कॉलेज की टीम गहनता से जांच में जुटी है। टीम की जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने वाले पोस्टमार्टम हाउस के अन्य कर्मचारियों पर कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।
इसी क्रम में टीम ने पोस्टमार्टम हाउस पर तैनात पोस्टमार्टम हाउस प्रभारी फार्मासिस्ट संजीव कुमार से पूछताछ की और वहीं डयूटी पर तैनात रहे होमगार्डों से भी गहनता से जानकारी ली।
पोस्टमार्टम हाउस के फार्मासिस्टों पर भी लटकी तलवार
बदायूं। महिला के शव से आंखें निकालने के मामले में दोनों डॉक्टरों के बाद फार्मासिस्टों पर भी कार्रवाई हो सकती है। इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई ने बताया कि मामले की विवेचना चल रही है। बता दें कि फिलहाल पोस्टमार्टम हाउस पर तीन फार्मासिस्ट तैनात हैं।
अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुतरई निवासी राजकुमार ने बहन पूजा के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों व फार्मासिस्टों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। अब तक इस मामले में पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. मोहम्मद उवैस और डॉ. मोहम्मद आरिफ हुसैन को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है लेकिन फार्मासिस्टों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई ने बताया कि विवेचना चल रही है। शनिवार तक कुछ और साक्ष्य हाथ आ जाएंगे। इसके बाद फार्मासिस्टों पर भी कार्रवाई होगी। संवाद
सीएमओ कार्यालय में पसरा सन्नाटा
बदायूं। शुक्रवार को शासन की कार्रवाई की जानकारी होते ही सीएमओ कार्यालय में सन्नाटा पसर गया। इस मामले में कोई कर्मचारी कुछ बोलने को तैयार नहीं हुआ। संवाद

पोस्टमार्टम हाउस। संवाद

पोस्टमार्टम हाउस। संवाद


