बदायूं

Budaun News: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, युवक की मौत

Connect News 24

Car collides with tractor-trolley, youth dies

दातागंज कोतवाली में खड़ी क्षतिग्रस्त कार। स्रोत-पुलिस

दातागंज (बदायूं)। गौस नगर मोहल्ले में बृहस्पतिवार रात आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक तेज रफ्तार कार टकरा गई, जिसमें शाहजहांपुर निवासी रिजवान (35) की मौत हो गई जबकि उनका साथी निसार घायल हो गया। दोनों लोग कार से बदायूं आ रहे थे। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।

हादसा बृहस्पतिवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। शाहजहांपुर के कलान निवासी रिजवान पुत्र नत्थू और निसार पुत्र शौकत कार से बेलाडांडी होते हुए बदायूं आ रहे थे। इस दौरान कार निसार चला रहे थे।

पुलिस के मुताबिक कार दातागंज कस्बे के गौस नगर मोहल्ले में पहुंची। उसके आगे आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली जा रही थी। कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे कार पीछे से ट्रॉली से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

दोनों लोग कार में ही फंस गए। कार टकराने की आवाज सुनकर आसपास के काफी संख्या में लोग आ गए। उन्होंने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिससे इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

उन्होंने पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों लोगों को कार से निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां रिजवान को मृत घोषित कर दिया गया। निसार को जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस की सूचना पर सुबह युवक के परिवार वाले भी पहुंच गए। बाद में कोतवाली पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। परिवार वाले शव को कलान ले गए हैं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button