Budaun News: जिले भर के डाॅक्टरों की सीएमओ कार्यालय में बैठक, रणनीति बनाई
बदायूं। पोस्टमार्टम करने वाले दो डॉक्टरों पर हुई कार्रवाई के बाद चिकित्सकों में आक्रोश है। बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे जिले भर के सीएचसी और पीएचसी के प्रभारी डॉक्टर सीएमओ कार्यालय पहुंचे। बताया जा रहा है कि यहां हुई बैठक में डॉक्टरों ने जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद ही विरोध-प्रदर्शन की रणनीति बनाना तय किया है। हालांकि कोई भी डॉक्टर इस मामले में कुछ बोलने से कतराता रहा।
महिला की आंखें निकालने के मामले में दो डाक्टरों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई । पुलिस ने दोनों को जेल भी भेज दिया। डाॅक्टरों के जेल जाने के बाद अन्य डॉक्टरों में गुस्सा तो है लेकिन वह गुस्सा जाहिर नहीं कर रहे हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि डॉक्टरों को आंखें निकालने से क्या मिलता जो वे आंखें निकालते। फिलहाल डॉक्टर अधिकारियों की रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही वह आगे की रणनीति बनाएंगे। सूत्रों का कहना है कि रिपोर्ट में अगर डॉक्टर दोषी पाए जाते हैं तो जिले भर के डॉक्टर चुप रहेंगे। अगर किसी और का दोष निकलता है तो चिकित्सकों को जेल भेजे जाने के विरोध में प्रदर्शन करेंगे।
डॉक्टरों पर हुई कार्रवाई को लेकर बैठक हुई थी। इस दौरान चर्चा हुई कि पोस्टमार्टम के लिए हर सीएचसी-पीएसची के डॉक्टरों की डयूटी लगाई जाती है। डॉक्टरों को डर है कि आगे भी अगर कोई ऐसा मामला सामने आता है तो क्या फिर डॉक्टरों पर कार्रवाई होगी। उन्हें क्या-क्या सावधानियां बरतनी हैं।
-डॉ. तहसीन, एसीएमओ बदायूं