बदायूं

Budaun News: लुढ़कने को तैयार नहीं हुआ पारा…गर्मी से हर कोई हारा

Connect News 24

The mercury was not ready to roll down ... everyone lost due to the heat

रोडवेज बस अड्डे के पास झुलसती गर्मी में बच्चे को पानी पिलाती मां। संवाद

– आज बदल सकता है मौसम, आंधी और बारिश के आसार

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। इन दिनों भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल है। मंगलवार को भी पारा लुढ़कने को तैैयार नहीं हुआ तो गर्मी से कोई राहत मिलती दिखाई नहीं दी। दोपहर में घरों से निकलने वाले लू के थपेड़ों से लोग परेशान नजर आए तो अधिकांश सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। आज बुधवार से आंधी और बारिश के आसार बन रहे हैं। इससे तापमान में भी कमी आएगी। बीच बीच में बादल छाने का भी अनुमान जताया जा रहा है।

मई के पहले सप्ताह में लोग कूलर तो दूर की बात, पंखा तक बंद करके रह रहे थे। यहां तक कि मौसम में परिवर्तन के कारण लोग रात के समय गर्म चादर तक ओढ़कर सोने को मजबूर हो रहे थे, लेकिन मई के तीसरे सप्ताह में हालात में इतना परिवर्तन नजर आने लगा है कि अब एसी तक फेल नजर आने लगा है। सूरज के तेवर इतने सख्त है कि अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री तक पहुंच गया है।

ये ही हाल सोमवार को भी था तो मंगलवार को भी यही स्थिति रही। दुकानदार हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। लोगों का कहना है कि अभी से गर्मी तन बदन को झुलसा रही है तो जून के महीने में क्या हाल होगा। मौसम विज्ञानी डॉ. आलोक सागर गौतम के अनुसार, बुधवार से आंधी और बारिश के आसार बन रहे हैं। इससे तापमान में भी कमी आएगी। बीच बीच में बादल छाने का भी अनुमान जताया जा रहा है।

कूलर, एसी की डिमांड बढ़ी

मौसम बदलने के साथ बाजार में कूलर और एसी की डिमांड बढ़ी है, तो वहीं इन्हीं ठीक करने वाले मैकेनिकों की दुकानों पर भीड़ नजर आ रही है। काम का बोझ बढ़ने के साथ मैकेनिकों ने अपने रेट बढ़ा दिए हैं। लोग पुराने कूलर और एसी को ठीक कराने में जुटे हैं। इलेक्ट्रानिक व्यवसाई राजेश कुमार ने बताया कि इस समय लोग कूलर खरीदने ज्यादा आ रहे हैं। बाजार में पांच हजार से 20 हजार तक के कूलर मौजूद हैं। हालांकि कंपनी के बजाय लोग सस्ते कूलर खरीदने पर ज्यादा जोर दे रहे हैं।

शीतल पेय से तर कर रहे गला

धूप व गर्मी के कारण सूखते गले को तर करने के लिए बाजारों में शीतल पेय पदार्थों की डिमांड बढ़ गई है। विभिन्न कंपनियों की ओर से शीतल पेय की आपूर्ति की जा रही है तो वहीं ठेलों-खोमचों पर नीबू पानी, नारियल पानी, गन्ने का रस आदि की बिक्री हो रही है।

सावधान रहें, सुरक्षित रहें-

– खुले शरीर धूप में न निकलें। धूप में सिर ढक लें और आंखों पर अच्छी क्वालिटी का चश्मा लगा लें। गहरे रंग, विशेषकर काले कपड़े पहनने से बचें।

– अचानक ठंडी जगह से एकदम गर्म जगह पर न जाएं। एसी में बैठे रहने के बाद तुरंत धूप में न निकलें। कच्चा प्याज रोज खाएं। धूप में निकलने पर अपने जेब में छोटा सा प्याज रख लें।

– ज्यादा से ज्यादा पानी पीयें ताकि पसीना ज्यादा आए और शरीर का तापमान नियंत्रित रह सके। अधिक गर्मी में मौसमी फल, फल का रस, दही, मठ्ठा, जीरा छाछ, जलजीरा, लस्सी, आम का पना पियें।

लग जाए लू तो करें ये उपाय

– लू लगने पर तत्काल डॉक्टर को दिखाना चाहिए।

– बुखार तेज होने पर रोगी को ठंडी खुली हवा में आराम करवाना चाहिए। 104 डिग्री से अधिक बुखार होने पर बर्फ के पानी की पट्टी सिर पर रखना चाहिए।

– रोगी को तुरंत प्याज का रस शहद में मिलाकर देना चाहिए। रोगी के शरीर को दिन में चार-पांच बार गीले तौलिए से पोंछना चाहिए।

– चाय-कॉफी आदि गर्म पेय का सेवन अत्यंत कम कर देना चाहिए।

– प्यास लगने पर मिट्टी के घड़े या सुराही का पानी दें। बर्फ का पानी नहीं पिलाना चाहिए।

– जौ का आटा व पिसा हुआ प्याज मिलाकर शरीर पर लेप करें तो लू से तुरंत राहत मिलती है।

रोडवेज बस अड्डे के पास झुलसती गर्मी में बच्चे को पानी पिलाती मां। संवाद

रोडवेज बस अड्डे के पास झुलसती गर्मी में बच्चे को पानी पिलाती मां। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button