Budaun News: मिड-डे मील के मानकों का स्कूलों में नहीं हो रहा पालन
बदायूं। जिले के परिषदीय स्कूलों में मिड-डे मील के मानकों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। इससे अधिकारी उसकी गुणवत्ता नहीं परख पा रहे हैं। ऐसे में बीएसए ने शिक्षकों को शासन के निर्देशों के अनुसार काम करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
शासन के निर्देश है कि परिषदीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं को जो मिड-डे मील दिया जाए, उसे कम से कम तीन मिनट पहले शिक्षक चखें। साथ ही उसका नमूना भी स्कूल बंद होने तक सुरक्षित रखा जाए, लेकिन अधिकतर स्कूलों में ऐसा नहीं हो रहा है। पिछले दिनों विभागीय अधिकारियों के निरीक्षण में भी यह बात सामने आई थी। नमूना उपलब्ध न होने से अधिकारी खाने की गुणवत्ता भी नहीं परख पा रहे हैं।
बीएसए स्वाती भारती ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए हैं कि सभी शिक्षक शासन के निर्देशों का पालन करें। मिड-डे मील हमेशा किचिन शेड में ही बनाया जाए। किसी भी स्थिति में खुले में खाना न बनवाया जाए। साथ ही शिक्षक स्कूल बंद होने तक काने का नमूना संभाल कर रखें। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।