Budaun News: भैंसें खोलकर ले जा रहे बदमाशों ने ललकारने पर की फायरिंग
सिलहरी (बदायूं)। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव सिलहरी में सोमवार रात बदमाशों ने दो भैंसें खोलकर ले जाते समय परिवार वालों के ललकारने पर फायरिंग कर दी। घबराकर परिवार वाले पीछे हट गए। इसके बाद बदमाश एक भैंस को पिकअप में लादकर ले गए। बाद में पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
यह मामला सोमवार रात करीब 1:30 बजे का है। गांव सिलहरी निवासी चंद्रपाल सिंह अपने घेर में सो रहे थे। टिनशेड में उनकी भैंसें बंधी थीं। बदमाशों ने टिनशेड में घुसकर दो भैंसेंं खोल लीं। आहट होने पर चंद्रपाल और उनके परिजन जाग गए। उन्होंने ललकारा तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग होने पर चंद्रपाल और उनके परिजन पीछे हट गए। बदमाश उनकी दो भैंसें खोलकर मुरादाबाद हाईवे किनारे खड़ी पिकअप के पास ले गए।
बदमाशों ने एक भैैंस तो पिकअप में चढ़ा ली, लेकिन दूसरी भैंस को चढ़ा पाते उससे पहले ही गांव वाले इकट्ठे होकर बदमाशों का मुकाबला करने पहुंच गए। इस पर बदमाश एक भैंस लेकर ही गाड़ी को हाईवे से सनाय रोड होते हुए भगा ले गए। बदमाशों की संख्या करीब दस बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी भी की लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला। चंद्रपाल सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है।


