Budaun News: विधायक लिखी कार की टक्कर से बाइक सवार वकील घायल, रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Sun, 03 Sep 2023 02:34 AM IST
बदायूं। सिविल लाइंस इलाके में बालाजी मंदिर के पास एक कार की टक्कर लगने से बाइक सवार अधिवक्ता काे चोट आई हैं। उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार पर विधायक लिखा था। अधिवक्ता समर गोयल ने एफआईआर दर्ज कराई है।
समर गोयल उझानी के मोहल्ला साहूकारा के निवासी हैं। समर के मुताबिक वह 18 अगस्त को बाइक पर कचहरी से उझानी लौट रहे थे। उनकी बाइक उझानी रोड पर बालाजी मंदिर के नजदीक पहुंची थी, तभी अचानक तेज रफ्तार में कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। उनके गंभीर चोटें आईं और उनकी बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन विधायक लिखी कार का चालक उसे भगा ले गया। कुछ लोगों ने कार का नंबर नोट कर लिया था। इस संबंध में उन्होंने सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। बाद में उन्होंने आईजीआरएस पर इसकी शिकायत की। तब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।