Budaun News: मॉडल फूड कॉर्नर पर पूर्व जनप्रतिनिधि के बेटे का कब्जा, पालिका प्रशासन ने शुरू की जांच

वेंडिग जोन में रखे मॉडल फूड कार्नर। संवाद
– मिशन स्कूल के पास बने वेंडिंग जोन में तीन फूड कॉर्नर कब्जाने का है आरोप
– रजिस्टर्ड वेंडरों को रोजगार दिलाने के लिए तैयार किए गए थे ये फूड कॉर्नर
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर में निर्धारित वेंडिंग जोन में बनाए गए मॉडल फूड कॉर्नर पर पूर्व जनप्रतिनिधि के बेटे ने कब्जा कर रखा है। आरोप है कि तीन फूड कॉर्नर हथिया कर उन्होंने वहां होटल खोला हुआ है। इसकी शिकायतें लगातार नगर पालिका प्रशासन से की जा रहीं थीं, लेकिन जनप्रतिनिधि के दबाव में कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब निजाम बदलने के बाद इसकी शिकायतें फिर से हुईं तो नगर पालिका के ईओ ने जांच कमेटी गठित कर दी है।
शहर में रजिस्टर्ड वेंडरों को ठेला, खोमचा लगाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने सात स्थानों को वेंडिंग जोन घोषित किया हुआ है। इसके तहत मिशन स्कूल के पास भी मॉडल फूड कॉर्नर तैयार किए गए थे। पालिका प्रशासन ने इन्हें बनाने वाली कंपनी को यह फूड कॉर्नर ठेले-खोमचों वालों को आवंटित करने को कहा था। एक फूड कॉर्नर को तैयार करने में एक लाख 37 हजार की लागत आई थी। इतनी रकम में ही यह कॉर्नर आवंटित किए जाने थे। मगर, उस वक्त एक प्रतिनिधि के छोटे बेटे ने सियासी रसूख के चलते तीन कॉर्नर पर बिना रुपया दिए ही कब्जा कर लिया। इसके बाद तमाम वेंडर नगर पालिका पहुंचे और उन्होंने इन्हें खरीदने की बात कही, लेकिन उनके लिए वह आवंटित नहीं किए गए। तीनों कॉर्नर में खाने-पीने का सामान बेचा जाने लगा। अब इसकी शिकायत पर नगर पालिका प्रशासन ने जांच शुरू कराई है।
वेंडिंग जोन में बनाए गए मॉडल फूड कॉर्नर पर अवैध तरीके से कब्जा करने की शिकायत स्थानीय लोगों ने की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच कमेटी का गठन किया गया है। उसमें जब से व्यापार शुरू किया गया है तब से अबतक का किराया वसूला जाएगा।
– डॉ. दीप कुमार, ईओ नगर पालिका परिषद