बदायूं

Budaun News: बेटी को विदा के लिए जेवर लेकर बरातघर जा रही मां की बाइक से गिरकर मौत

Connect News 24

ककराला। कस्बे में निकाह के बाद बेटी को विदा करने के लिए जेवर लेकर बरातघर जा रहीं 50 वर्षीय सदर जहां की बाइक से गिरकर मौत हो गई। दोपहर के समय उनकी बेटी का निकाह हुआ था। शाम को विदा होने से पहले यह हादसा हो गया। इससे परिवार में मातम छा गया। परिवार वाले महिला का शव घर ले गए।

ककराला कस्बे के वार्ड नंबर 11 निवासी तफज्जुल खान की बेटी फरहीन का बुधवार दोपहर निकाह हुआ था। उनके परिवार में खुशियों का माहौल था। पूरा कार्यक्रम बदायूं रोड स्थित उमर मैरिज लाॅन में हुआ था। शाम के समय खाना पीना चल रहा था। शाम करीब छह बजे तफज्जुल खान की पत्नी सदर जहां (50) अपने घर पर बेटी के जेवर लेने आईं थीं। वह घर से जेवर लेकर बरातघर जा रहीं थीं।

उनका रिश्तेदार उमर बाइक चला रहा था। बताते हैं कि इसी बीच रास्ते में पेट्रोल पंप के पास पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। उनके आगे चल रहे बाइक सवार अचानक पुलिस को देखकर ब्रेक लगा दिए, जिससे उमर को भी अपनी बाइक के ब्रेक लगाने पड़े। उसी दौरान अचानक अनियंत्रित होकर सदर जहां बाइक से गिर गईं। हाथ में पकड़े जेवर सड़क पर फैल गए। यह देखकर पुलिस कर्मी दौड़कर आ गए। उन्हाेंने तुरंत महिला को सड़क से उठाया।

परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वाले उनके शव को घर ले गए हैं। पुलिस ने आगे चल रहे बाइक सवार को पकड़ लिया है। उसकी बाइक कब्जे में ले ली गई है। चौकी इंचार्ज राजीव सिंह चौहान ने बताया कि बाइक कब्जे में ले ली है। अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।

घर से विदा होने वाली थी बेटी… मां की मौत से सुध-बुध खोई

बदायूं। निकाह की रस्म अदा होने के बाद फरहीन के चेहरे पर मुस्कान थी तो ससुराल जाने की बेकरारी भी कहीं न कहीं झलक रही थी। उसकी विदाई की रस्म होने ही वाली थी कि तभी उसकी मां की मौत की मनहूस खबर आ गई। इसके बाद फरहीन जहां सुध बुध खो बैठी। विवाह की खुशियां काफूर होकर मातम में बदल गईं।

फरहीन के पिता तफज्जुल खान की नगर में ही मिठाई की दुकान है। तफज्जुल के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। फरहीन उनकी दूसरे नंबर की बेटी है। उसका निकाह बुधवार को नगर के ही जाकिर के बेटे शाबान के साथ हुआ तो हर तरफ खुशी का माहौल था। फरहीन को जब उसकी सहेलियां छेड़ रहीं थीं तो उसके चेहरे पर भी ससुराल जाने की लाज नजर आ जाती थी। निकाह के बाद जब शाम का विदाई की रस्म की बारी आई तो सदर जहां अपने पति के भांजे उमर के साथ मैरिज लॉन से बाइक से घर जेवर लेने गईं। लौटते समय हादसे में उनकी जान चली गई। खबर मैरिज लॉन तक पहुंची तो वहां चीखपुकार मच गई। फरहीन मां की मौत की खबर सुनकर होशोहवास खो बैठी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button