Budaun News: नहीं सुलझा दो महिलाओं की हत्या का मामला, पूछताछ जारी
एक महिला के पति ने दी कोल्डस्टोर मालिक और उसके बेटों के खिलाफ तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर की दो महिलाओं की हत्या के मामला का खुलासा नहीं हो सका। रविवार को भी कई संदिग्धों से पूछताछ की गई। इधर, एक महिला के पति ने कोल्ड स्टोर मालिक और उसके दो बेटों समेत कई लोगों के खिलाफ एसएसपी को तहरीर दी है। उसका कहना है कि कोल्ड स्टोर में ही दोनों महिलाओं की हत्या की गई थी। ऐसा गलत काम का विरोध करने पर किया गया।
महिला के पति ने रविवार को एसएसपी को संबोधित तहरीर में कहा है कि महिला ठेकेदार दोनों महिलाओं को कोल्ड स्टोर लेकर गई थी। जब रात आठ बजे तक उसकी पत्नी घर नहीं आई तो वह उसे ढूंढ़ते हुए कोल्ड स्टोर पहुंचा। उस दौरान वहां कोल्ड स्टोर मालिक, उसके दोनों बेटे, महिला ठेकेदार, ऑपरेटर और मुनीम समेत कई लोग मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि महिला यहां से लघुशंका करने के बहाने चली गई थी। उसने पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराने की बात कही तो उसे 24 घंटे इंतजार करने को कहा गया। जब उसने कहा कि अगर उसकी पत्नी नहीं आई तो वह सबके खिलाफ एफआईआर कराएगा तो उसे धमकी दी गई। पांच जुलाई को उसे पत्नी समेत दोनों महिलाओं की हत्या की जानकारी हुई।
उसका आरोप है कि कोल्ड स्टोर में ही दोनों महिलाओं की हत्या हुई। दोनों महिलाओं के साथ कुछ गलत हुआ था। महिला के पति ने एसएसपी के अलावा मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक और आईजी को भी पत्र भेजा है।
–
हत्या से पहले कोल्ड स्टोर में पार्टी की चर्चा
शहर की दो महिलाओं की हत्या के मामले में लगातार रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं। चर्चा है कि दोनों महिलाओं की हत्या से पहले कोल्ड स्टोर में पार्टी भी हुई। सूत्रों का कहना है कोल्ड स्टोर मालिक का बेटा दिन में सोने-चांदी की दुकान पर बैठता है। शाम को दोस्तों के साथ कोल्ड स्टोर जाता है। कोल्ड स्टोर के दो मेन गेट हैं, जो बंद रहते हैं। अंदर कौन-कौन व्यक्ति है। इसके बारे में कोल्ड स्टोर के कर्मचारियों को पता रहता है। तीन जुलाई को कोल्ड स्टोर में कौन-कौन मौजूद था, इसके बारे में भी कर्मचारियों को जानकारी थी।
–
पूछताछ में आरोपियों ने दी कई अहम जानकारियां
हत्याकांड में जिन आरोपियों को उसहैत थाने से सिविल लाइंस थाने लाकर पूछताछ की गई है, उन्होंने पुलिस को कई अहम जानकारियां दी हैं। इससे पुलिस घटना के खुलासे के नजदीक पहुंच गई है। पुलिस अधिकारी कुछ बताने से परहेज कर रहे हैं।
दो महिलाओं की हत्या का मामला है। कड़ी से कड़ी जोड़कर देखा जा रहा है। अभी इसमें कुछ नहीं बताया जा सकता। सभी पहलुओं पर छानबीन चल रही है। पुलिस टीमें लगी हुई हैं। सबकुछ साफ होने के बाद हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
– शक्ति सिंह, सीओ उझानी