Budaun News: मेरा नाम है मुन्ना सेठी…अब नहीं करूंगा बदमाशी

गले में तख्ती डालकर थाना फैजगंज बेहटा में पहुंचा हिस्ट्रीशीटर मुन्ना सेठी।स्राेत-पुलिस
फैजगंज बेहटा। सहसवान कोतवाली की तरह फैजगंज बेहटा थाने में बृहस्पतिवार अपराह्न एक बजे हिस्ट्रीशीटर गले में तख्ती डालकर पहुंच गया। उसने कहा कि उसका नाम मुन्ना सेठी है। अब वह बदमाशी नहीं करेगा। दो दिन पहले उसने गांव में सरेआम फायरिंग कर दी थी, तब से पुलिस उसे तलाश कर रही थी। अब पुलिस ने थाने में समर्पण करने के बाद उसे जेल भेज दिया है।
मंगलवार रात फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव मानपुर में दो पक्षों के बीच जबरदस्त मारपीट व पथराव हो गया था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के ऊपर कई राउंड गोलियां भी चलाई थीं। इसमें हिस्ट्रीशीटर मुनेश उर्फ मुन्ना सेठी भी शामिल था। गांव के हरद्वारी का कहना था कि उनके भतीजे वीरपाल से हिस्ट्रीशीटर मुन्ना सेठी, दिनेश, चंद्रकेश, शेर सिंह और खिलाड़ी का झगड़ा हो गया था। वे उससे गालीगलौज कर रहे थे। उसके साथ मारपीट, बाद में फायरिंग की। उधर, दूसरे पक्ष के लटूरी का कहना था कि उनका बेटा मुनेश उर्फ मुन्ना सेठी गांव में परचून की दुकान पर सामान लेने गया था। रास्ते में वीरपाल, हरद्वारी, प्रेमपाल, नेकपाल और संजेश ने उसके साथ मारपीट और बाद में फायरिंग कर दी। इसमें उनका बेटा घायल हो गया।
थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई बार दबिश दी, लेकिन आरोपी गांव से भाग गए। इस दौरान बृहस्पतिवार को हिस्ट्रीशीटर मुनेश उर्फ मुन्ना सेठी अपने गले में तख्ती डालकर फैजगंज बेहटा थाने पहुंचा। उसने तख्ती पर अपने नाम-पते के साथ लिख रखा था कि वह अब बदमाशी नहीं करेगा। एसओ वेदपाल सिंह ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर को जेल भेज दिया गया है। इस मामले में जो भी नामजद हैं। सभी को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।


