Budaun News: कोई बच्चा न छूटे, प्रभावी ढंग से कराएं टीकाकरण

कलक्ट्रेट में स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित डीएम मनोज कुमार व अन्य।स्रोत-प्
बदायूं। डीएम मनोज कुमार ने कहा कि बच्चों का टीकाकरण प्रभावी ढंग से कराया जाए। कोई भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए। टीकाकरण के सत्र समय से आयोजित किए जाएं और टीकाकरण की नियमित समीक्षा की जाए।
सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने सभी एमओआईसी को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। बच्चों के टीकाकरण का विशेष ख्याल रखा जाए। टीकाकरण में विकासखंड कादरचौक एवं दहगवां की स्थिति खराब होने पर डीएम ने नाराजगी के व्यक्त करते हुए सुधार के निर्देश दिए।
डीएम ने आयुष्मान कार्ड बनाने पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं का समय से रजिस्ट्रेशन किया जाए तथा उनका संस्थागत प्रसव कराया जाए। स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को समय से उपलब्ध हो। इस मौके पर डीएम ने अच्छा कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सीडीओ केशव कुमार, सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी मौजूद रहे।
निराश्रित गोवंशों को शत प्रतिशत संरक्षित करें : बदायूं। डीएम मनोज कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित सभागार में गोसंरक्षण संबंधित जिला स्तरीय अनुश्रवण मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निराश्रित गोवंश घूमते नजर न आएं। उन्हें शत प्रतिशत गो आश्रयस्थलों में संरक्षित किया जाए और उनके खाने पीने का प्रबंध किया जाए।



