Budaun News: कांवड़ियों को टक्कर मारने वाले वाहन का सुराग नहीं

मृतक रामबहादुर का फाइल फोटो।
– रविवार रात नेशनल हाईवे पर हो गई थी तीन कांवड़ियों की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनावर (बदायूं)। बरेली-मथुरा नेशनल हाईवे पर रविवार रात किसी वाहन की टक्कर से तीन कांवड़ियों की मौत हो गई थी। पुलिस ने तीनों शवों के पोस्टमार्टम करा दिए लेकिन 24 घंटे बाद भी पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं लगा सकी।
रविवार देर रात बरेली-मथुरा नेशनल हाईवे पर ग्राम बरखेड़ा गौटिया के नजदीक अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन कांवड़ियों की मौत हो गई थी। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव किसरुआ निवासी धीरपाल (30) पुत्र चोब सिंह, उसका दोस्त बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव ब्रह्मपुर कुंदन निवासी गजेंद्र (28) पुत्र राजपाल और भमोरा थाना क्षेत्र के गांव रुद्रपुर निवासी राम बहादुर (30) मिहलाल एक बाइक से कछला गंगा घाट जल भरने जा रहे थे। थाना पुलिस के अनुसार इस दौरान वे हेलमेट नहीं लगाए थे।
उनकी बाइक बरखेड़ा गौटिया के नजदीक पहुंची थी तभी किसी वाहन से टक्कर लग गई। काफी देर तक तीनों कांवड़िये मौके पर पड़े रहे। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों का कहना है कि तीनों लोग कछला जल भरने जा रहे थे। वहीं पुलिस का कहना है कि वे कांवड़िया नहीं थे।
पुलिस ने सोमवार को उनके शवों का पोस्टमार्टम करा दिया लेकिन सोमवार शाम तक यह पता नहीं लगा पाई कि आखिर उन्हें किस वाहन ने टक्कर मारी
–
ब्रह्मपुर कुंदन में बनाया गया था जल भरने का प्लान
ब्रह्मपुर कुंदन निवासी गजेंद्र और ग्राम किसरूआ निवासी धीरपाल बरेली में अशोका फोम फैक्टरी में काम करते हैं। दोनों की गहरी दोस्ती है। दोनों लोग रविवार शाम अपने बहनोई के यहां रुद्रपुर गांव पहुंचे थे। वहां से बहनोई के भाई राम बहादुर के साथ कछला गंगा जल भरने का प्लान बनाया था।
–
एसपी ने कहा-नहीं थे कांवड़िये
एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव ने वीडियो जारी करते हुए बताया है कि तीनों बाइक सवार कावड़ियां नहीं थे। वह न तो कांवड़ियों के कपड़े पहने थे और न ही किसी जत्थे में शामिल थे। उन्होंने शराब भी पी रखी थी।

मृतक रामबहादुर का फाइल फोटो।

मृतक रामबहादुर का फाइल फोटो।



