Budaun News: प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर करके कार्ययोजना अपलोड की, नोटिस जारी
सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने मौके पर जाकर की जांच तो हुआ खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। ब्लॉक जगत के लखनपुर में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत अन्य काम कराने के नाम पर रुपये मांगने की शिकायतें मिलने के बाद सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने मौके पर जाकर जांच की। यहां यह भी पता चला कि बिना प्रधान को जानकारी में दिए ई ग्राम स्वराज कार्ययोजना पर प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर अपलोड कर दी गई है। इस पर डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी को नोटिस जारी किया है।
लखनपुर में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी रीना पाठक के व्यवहार और उगाही के मामले अधिकारियों तक पहुंच रहे थे। इस पर डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने ब्लॉक सालारपुर पर तैनात सहायक विकास अधिकारी पंचायत लक्ष्मण सिंह से इस मामले की जांच कराई।
मौके पर पहुुंचे सहायक विकास अधिकारी पंचायत को प्रधान समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उनके द्वारा जन्म-मृत्यु प्रमाण निर्गत करने के लिए अवैध धनराशि की मांग की जाती है। धनराशि देने पर ही प्रमाण पत्र बनाया जाता है।
आवासीय सुविधा के लिए पात्र लोगों से अग्रिम सुविधा शुल्क मांगा जाता है। धनराशि न देने पर पात्र लोगों के सूची से नाम काट दिए जाते हैं। साथ ही अपात्र लोगों के नाम जोड़कर सरकारी धनराशि का दुरुपयोग किया जाता है।
प्रधान ने लिखित में जांच अधिकारी को बताया कि शासकीय कार्यों के प्रति भी वह बेहद लापरवाह हैं। राज्य एवं केंद्रीय वित्त के कार्यों में एडवांस कमीशन मांगा जाता है। जांच में यह भी पाया गया कि बिना प्रधान को जानकारी में दिए उन्होंने ई ग्राम स्वराज पर प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर कार्ययोजना अपलोड कर दी थी।
डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच कराई गई थी। रिपोर्ट मिलने पर ग्राम पंचायत अधिकारी रीना पाठक को नोटिस जारी करते हुए उनसे जवाब मांगा गया है। तीन दिन के भीतर जवाब न देने पर कार्रवाई की जाएगी।