Budaun News: इंटरनेट चला नहीं… बिल आ रहा भरपूर

ग्राम पंचायत पेसेई में स्थित सचिवालय।
बिना नेट चले ही सचिवालयों का आ गया हजारों का बिल, पंचायत सहायक परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं/ कादरचौक। लोगों को एक छत के नीचे सुविधाएं मिल सकें। इसके लिए शासन ने ग्राम पंचायत स्तर पर सचिवालयों को बनवाया था। यहां इंटरनेट कनेक्शन कराए गए ताकि लोगों के सभी काम ऑनलाइन हो सकें। करीब एक साल हो गया, लेकिन आज तक यहां नेट सेवाएं संचालित नहीं हो सकीं, बावजूद इसके बीएसएनएल की ओर से सचिवालयों को इंटरनेट उपभोग का बिल बनाकर भेज दिया गया। इसको लेकर पंचायत सहायक परेशान हैं।
जिले भर में 1037 ग्राम पंचायत हैं। इन सभी ग्राम पंचायतों में सचिवालय बनाए गए थे, साथ ही वहां पर पंचायत सहायकों को तैनात किया गया था ताकि उनके माध्यम से शासन से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ गांव वालों को दिलाया जा सके। इसके लिए ग्रामीणों को ब्लॉक या जिला मुख्यालय भागने की जरूरत न पड़े।
चूंकि शासन की अधिकतर योजनाएं ऑनलाइन हैं, जिनका लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होता है। ऐसे में सचिवालय बनाने के साथ बीएसएनएल के कनेक्शन कराए गए। कई जगहों पर कनेक्शन हुए तीन माह से एक साल हो गया तो वहां पर बीएसएनएल बिल भेजने लगा।
इधर, पंचायत सचिवों का कहना है कि कुछ एक जगहों पर कुछ दिनों तक बीएसएनएल का नेट सही चला, उसके बाद में वह बंद हो गया। जब एक-दो माह नेट नहीं चला तो पंचायत सहायकों ने ब्लॉक स्तर पर इसकी शिकायत की, लेकिन ब्लॉक स्तर से इस तरफ ध्यान हीं दिया गया।
इसकी वजह से बीएसएनएल के नेट से सचिवालयों में कोई काम नहीं हो सके, जबकि बीएसएनएल द्वारा नेट संबंधित बिल संबंधित ग्राम पंचायतों में उनके प्लान के अनुसार भेजा गया।
बिल मिलने के बाद पंचायत सहायक परेशान हैं। पंचायत सहायकों का कहना है कि बिना उपयोग किए ही बीएसएनल की ओर से बिल जारी कर दिया गया है। तहसील सदर के बिनावर, ब्लॉक सालारपुर के गांव दुगरैया, कान्हा नगला, हसनपुर, ब्लॉक कादरचौक के गांव कुढा शाहपुर, पसेई, धनूपुरा, खिरिया वाकरपुर, जैतपुर पुख्ता, रेवा में नेट नहीं चल रहा है लेकिन बिल हजारों में आ गया है।
–
इन पंचायतों में आया है बिल
– प्रेमीनगला- 2713 रुपये, असरासी 3063 रुपये, सिवाया हामिदपुर 3312 रुपये, मोहम्मदगंज 1150 रुपये, वाराचिर्रा-2713 रुपये, भकोड़ा-21474 रुपये, कचौरा-3334 रुपये, कुंडेली बदुल्लागंज-3120 रुपये, असरासी-3063 रुपये
–
नेट एक दिन भी नहीं चला है। ऐसे में जो भी काम करते हैं, इसके लिए अपने मोबाइल फोन के नेट से जोड़कर कंप्यूटर चलाते हैं। इसके बावजूद बीएसएनएल की तरफ से बिल भेजा गया है।
– नीतू श्रीवास्तव, पंचायत सहायक रमजानपुर
–
बीएसएनएल की तरफ से लोग कनेक्शन करने के लिए आए तो प्रधान ने मना किया था, लेकिन फिर भी लगा गए थे। तब से नेट चला नहीं है, लेकिन बिल जरूर आ गया है।
-ब्रजेश कुमार, पंचायत सहायक भकोड़ा
–
सभी पंचायतों पर नेट सेवा शुरू कर दी गई थी। बीच में कहीं पर लाइन में फाॅल्ट आ गया होगा। जिसकी वजह से नेट ने काम करना बंद कर दिया होगा। इस संबंध में किसी ने जानकारी नहीं दी। ऐसे में प्लान के अनुसार बिल भेजा गया था। अब इस संबंध में जानकारी दी जा रही है। ऐसे में सभी कनेक्शन का डाटा चेक कराया जा रहा है। उसके अनुसार दोबारा बिल बनाया जा रहा है।
– संजय वर्मा, एजीएम, बीएसएनएल

ग्राम पंचायत पेसेई में स्थित सचिवालय।

ग्राम पंचायत पेसेई में स्थित सचिवालय।