Budaun News: पशुओं को छुट्टा छोड़ने वाले पांच लोगाें को नोटिस
दातागंज। पालतू पशुओं को सड़कों पर छुट्टा छोड़ देने वाले पांच लोगों को एसडीएम ने नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा है कि ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
थाना हजरतपुर के गांव चंगासी के धीरपाल सिंह, अशोक सिंह आदि ने एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह से शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि उनके गांव के कुछ लोगों के पास बड़ी संख्या में गाय हैं। यह लोग इन गायों का दूध निकालकर खुला छोड़ देते हैं, जिसके बाद वे खेतों में जाकर फसलों को नुकसान पहुंचाती हैं। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम ने लेखपाल को गांव भेजकर बाकायदा डुगडुगी बजवाकर अपने पालतू पशु बांधकर रखने का एलान करवाया लेकिन इसके बाद भी कई लोग नहीं माने और पशुओं को खुला छोड़कर रखा।
इसके बाद एसडीएम ने गांव के तेजपाल, दुर्विजय, नत्थू, सत्य प्रकाश और कल्लू के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करने और न्यायालय में उपस्थित होने का नोटिस जारी किया है। इस कार्रवाई से खुले पशु छोड़ने वालों में खलबली मच गई है। संवाद