बदायूं

Budaun News: अब तो स्कूल आने से भी डरते हैं बच्चे

Connect News 24

Now even children are afraid to come to school

दातागंज के कंपोजिट विद्यालय परिसर में भरा कींचड़।

सीमा विवाद में फंसा कंपोजिट विद्यालय, समस्याओं का नहीं हो पा रहा निस्तारण

संवाद न्यूज एजेंसी

दातागंज (बदायूं)। अरेला मोहल्ले में देवी मंदिर के नजदीक स्थित कंपोजिट विद्यालय संकुल क्षेत्र और नगर पालिका के सीमा विवाद में फंसकर रह गया है। ऐसे में यहां व्याप्त समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। यहां स्थिति इतनी खराब है कि जर्जर भवन, जलभराव, कीचड़ और फिसलन के कारण बच्चे स्कूल आने से भी डरने लगे हैं।

कंपोजिट विद्यालय नगर का सबसे पुराना विद्यालय है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां चल रहा जूनियर हाईस्कूल का भवन अंग्रेजों के समय का है। नगर के तमाम बड़े बुजुर्गों ने यहां पढ़ाई की है। यह विद्यालय परिसर काफी क्षेत्र में फैला है। यहां पहले प्राइमरी स्कूल खोला गया, जिसे बाद में कंपोजिट विद्यालय कर दिया गया।

इसी परिसर में खंड शिक्षा अधिकारी का कार्यालय भी है। अगर दोनों विद्यालयों के भवनों की बात करें तो वे काफी जर्जर हो चुके हैं। खासकर बारिश के दौरान यहां खतरा और बढ़ जाता है। यहां सबसे बड़ी दिक्कत बारिश के दौरान आती है। जब पानी का निकास नहीं होने के कारण समूचा परिसर तालाब में तब्दील हो जाता है। इस बार भी वही स्थिति है। परिसर में पानी भरा हुआ है, कीचड़ और फिसलन के कारण निकलना मुश्किल है।

तत्कालीन पालिकाध्यक्ष ने भेजा था प्रस्ताव

दोनों विद्यालयों में करीब सात सौ बच्चे पढ़ते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ज्यादा दिक्कत होने पर खंड शिक्षा अधिकारी ने अपने कार्यालय तक पहुंचने के लिए मिट्टी डलवाकर रास्ता बनवा लिया था लेकिन विद्यालय परिसर के हालात वैसे ही बने रहे। पूर्व में तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने विद्यालय का जीर्णोद्धार कराने का प्रस्ताव भेजा था लेकिन विद्यालय परिसर संकुल क्षेत्र सलेमपुर सीमा में आने के कारण उनका प्रस्ताव निरस्त कर दिया गया। तब से कंपोजिट विद्यालय के हालात में कोई सुधार नहीं आया है।

विद्यालय में सुधार के लिए शिक्षा विभाग के पास बजट नहीं है। हम विद्यालय के बारे में लगातार अधिकारियों को पत्र लिख रहे हैं लेकिन अब तक बजट नहीं मिला है। इससे परिसर में मिट्टी भी नहीं डलवाई जा सकी है।

– लक्ष्मीनारायन, खंड शिक्षा अधिकारी दातागंज

विद्यालय परिसर की अव्यवस्था हमारे संज्ञान में है। बारिश होने से कहीं से मिट्टी नहीं मिल पा रही है। इससे विद्यालय में नहीं डलवा पा रहे हैं। जैसे ही मौसम में कुछ सुधार होगा, यहां मिट्टी डलवाकर जलभराव खत्म करा दिया जाएगा।

– धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम, दातागंज


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button