Budaun News: अफसर रोज करेंगे कुरखेड़ा गोशाला का निरीक्षण
दातागंज (बदायूं)। ग्राम पंचायत गलौथी के मझरा कुरखेड़ा की गोशाला में दो गायों की मौत के मामले को लेकर एसडीएम दातागंज ने आदेश दिया है कि तहसीलदार, नायब तहसीलदार, लेखपाल आदि रोजाना एक-एक करके गोशाला का निरीक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं को सुधारेंगें। कहीं लापरवाही पाई जाएगी तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
मझरा कुरखेड़ा की गोशाला में दो दिन पहले दो संरक्षित पशुओं की भूख-प्यास से मौत हो गई थी। फिर उनके शव ट्रैक्टर से घसीटकर बाहर डाले गए थे। इससे पहले जिन गायों की मौत हो गई थी। उनके भी शव इसी तरह घसीटकर डाल दिए गए थे। इसके वीडियो और फोटो वायरल होने पर मामला काफी चर्चित हो गया। वहीं प्रशासनिक अधिकारी हरकत में आ गए।
एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गोशाला में अब कोई अव्यवस्था नहीं रहेगी। तहसीलदार, नायब तहसीलदार, लेखपाल और तहसील के अन्य कर्मचारियों को एक-एक दिन रोजाना गोशाला का निरीक्षण करने का आदेश दिया है। एक अधिकारी रोजाना गोशाला जाएगा और वहां गायों के चारा पानी की व्यवस्था देखेगा। उन्हें चारा पानी दिया गया है या नहीं, यह सब व्यवस्थाएं देखेगा। इसकी उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट देगा। एसडीएम भी सप्ताह में दो-चार दिन गोशाला जाकर व्यवस्थाएं देखेंगे।
लापरवाही पर निलंबित हो चुके हैं सचिव
– कुरखेड़ा की गोशाला में हालत सुधारना छोटी बात नहीं है। इससे पहले भी अधिकारियों ने लापरवाही पर सचिव को निलंबित कर दिया था और प्रधान के अधिकार सीज कर दिए थे। अगर अब लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार बक्शे नहीं जाएंगें।
– कुरखेड़ा की गोशाला में गायों के रख-रखाव में जो भी लापरवाह पाया जाएगा। उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। अब तहसीलदार, नायब तहसीलदार और लेखपाल रोजाना गोशाला का निरीक्षण करेंगे और रिपोर्ट देंगे। – धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम दातागंज