Budaun News: हाथ-पैर बांधकर गंगा में फेंका था ओमपाल को, डूबने से हुई थी मौत
मंगलवार को सहसवान कोतवाली इलाके में गंगा में उतराता मिला था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। अपहरणकर्ताओं ने कासगंज के ओमपाल की बड़ी निर्दयतापूर्वक हत्या की थी। उसे हाथ-पैर बांधकर गंगा में फेंक दिया था, जिससे ओमपाल खुद का बचाव तक नहीं कर पाया। अनुमान है कि जब तक वह गंगा में डूब नहीं गया, तब तक हत्यारे भी वहां मौजूद रहे। उसकी मौत के बारे में आश्वस्त हो जाने के बाद वे वहां से फरार हो गए।
ओमपाल पुत्र महेंद्र का शव मंगलवार को सहसवान कोतवाली क्षेत्र में गंगा में उतराता मिला था। उसका एक हाथ और एक पैर कपड़े से बंधा हुआ था। पानी में पड़े रहने से उसकी लाश भी काफी खराब हो गई थी। उसकी जेब से एक डायरी बरामद हुई थी। कासगंज के इंस्पेक्टर हरिभान सिंह राठौड़ ने बताया था कि ओमपाल मूलरूप से पीतम नगर हडौरा का रहने वाला था।
वह कुछ समय से कासगंज के अशोकनगर इलाके में किराये पर रह रहा था। ओमपाल 27 अगस्त को मजदूरी करने के लिए निकला था, तभी कार सवार बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया था। तब से उसका कोई सुराग नहीं लगा था। मंगलवार को उसका शव बरामद हुआ तो पुलिस सहसवान पहुंची।
बुधवार सुबह करीब चार बजे ओमपाल के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद कासगंज पुलिस परिवार वालों के साथ ही यहां से रवाना हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार ओमपाल की मौत पानी में डूबने से हुई थी। वहीं उसके हाथ पैर भी बंधे मिले। कासगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर हरिभान सिंह राठौड़ ने बताया कि हत्यारों ने ओमपाल को हाथ-पैर बांधकर नदी में डाला था जिससे उसकी मौत हो गई। लाश को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि ओमपाल की मौत हो जाने के बाद ही हत्यारे वहां से हटे।