Budaun News: छात्र व छात्राओं को दिया गया ऑनलाइन प्रयोगात्मक प्रशिक्षण
दो दिवसीय वर्चुअल लैब कार्यशाला का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। राजकीय महाविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग व आईआईटी कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय वर्चुअल लैब कार्यशाला का समापन हो गया। इसमें दूसरे दिन विभिन्न प्रकार का प्रयोगात्मक प्रशिक्षण दिया गया।
वर्चुअल लैब के अतिथि वक्ता के रूप में आईआईटी कानपुर के सीनियर प्रोजेक्ट एसोसिएट विनय कुमार त्रिपाठी ने बीएससी द्वितीय सेमेस्टर के भौतिक विज्ञान के वर्चुअल लैब सिलेबस के तीन प्रयोग विद्यार्थियों को विस्तृत रूप से समझाए और उनकी क्रियाविधि से विद्यार्थियों को परिचित कराया।
कार्यशाला में राजकीय महाविद्यालय के अलावा जिले के अन्य महाविद्यालयों से भी विद्यार्थी जुड़े रहे। सभी विद्यार्थियों ने प्रयोगों को पूरा कर उनकी रीडिंग को ऑनलाइन प्रदर्शित किया, जिसका मूल्यांकन आईआईटी कानपुर के विनय कुमार त्रिपाठी ने किया। मुख्य अतिथि आईआईटी कानपुर की सीनियर प्रोजेक्ट एसोसिएट सुमन त्रिपाठी ने वर्चुअल लैब की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
वहीं उन्होंने राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों को आईआईटी कानपुर में ऑफलाइन ट्रेनिंग प्राप्त करने के लिए बुलाया। कहा कि आईआईटी कानपुर आपको प्रयोगशाला संबंधी तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के लिए एक खुला प्लेटफार्म है। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने विद्यार्थियों को कार्यशाला के लाभ के बाबत जानकारी दी। इस मौके पर वर्चुअल लैब के नोडल कोऑर्डिनेटर डॉ. संजीव राठौर, भौतिक विज्ञान परिषद के सदस्य अली रजा मौजूद रहे।



