Budaun News: बिसौली में हाईटेंशन लाइन शिफ्टिंग में रुकावट, नहीं लगने दिए खंभे

बिसौली में शिफ्टिंग के दौरान सड़क पर पड़ी हाईटेंशन लाइन।
– गवां देवत तिराहे से बुध बाजार रोड पर केवल 13 खंभे लगाए गए
संवाद न्यूज एजेंसी
बिसौली (बदायूं)। कस्बे की गौसियाई मस्जिद के पास नई बस्ती की कॉलोनी में हुए हादसे के बाद की जा रही हाईटेंशन लाइन शिफ्टिंग के कार्य में रविवार को रुकावट आ गई। गवां देवत तिराहे से बुधबाजार रोड पर एक किनारे पर शिव मंदिर है और दूसरी किनारे पर कब्रिस्तान। ऐसे में दोनों ओर के लोगों ने खंभे नहीं लगने दिए। इससे यहां कार्य रुक गया।
बिसौली कस्बे में करीब 20-25 खंभों से हाईटेंशन लाइन शिफ्ट होनी है। शनिवार से कस्बे में गवां देवत तिराहे से लेकर बुधबाजार रोड पर हाईटेंशन लाइन शिफ्ट करने का काम चल रहा है। बताते हैं कि इस काम में लगे कर्मचारियों ने शनिवार को सड़क के एक ओर 11 खंभे लगा दिए थे।
रविवार सुबह भी दो खंभे लगाए गए लेकिन तब लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि सड़क के एक ओर शिव मंदिर है। यहां लोगों का हर समय आना-जाना रहता है। ऐसे में मंदिर के पुजारी समेत कई लोगों ने विरोध किया। दूसरी ओर कब्रिस्तान होने पर वहां के लोगों ने विरोध किया। ऐसे में खंभे लगाने का काम रोक दिया गया। इधर, जहां-जहां खंभे लगाए जा चुके हैं वहां लाइन खींचने का काम शुरू कर दिया गया है।
एक्सईएन रामलाल का कहना है कि अगर लोग खंभे नहीं लगने देंगे तो आगे अंडरग्राउंड केबल डालने पर विचार किया जा सकता है।