Budaun News: तपती धूप में बुजुर्ग को खंभे से बांधा, पुलिस ने तीन लोग पकड़े
– हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव हसौरा का मामला
– वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं/दातागंज। हजरतपुर थाना क्षेत्र में तपती धूप में कुछ लोगों ने बुजुर्ग को खंभे से बांध दिया। किसी ने पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल साइट्स पर वायरल कर दिया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव हसौरा में बुजुर्ग को तेज धूप में खंभे से बांधे जाने का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आ गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इसकी पड़ताल शुरू की तो पता चला कि गांव हसौरा के रहने वाले 65 वर्षीय बुलंदी को रोड किनारे सड़क पर लगे बिजली के खंभे से बांधा गया था। पड़ताल करने के बाद पुलिस ने जिस फेसबुक आइडी से वीडियो वायरल हुआ था और उसमें जो लोग खंभे से उसको बांध रहे थे, उन तीनों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस की पकड़ में आने के बाद अपनी आईडी से वीडियो वायरल करने वाले अनिल ने बताया कि बुलंदी मजाकिया स्वभाव के हैं। उनको मजाक में ही खंभे से बांधा गया था। इस संबंध में दातागंज सीओ कर्मवीर सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी होते ही वायरल वीडियो के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पीड़ित को भी बुलाया गया है, पूछताछ के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।