Budaun News: पुलिस ने 81 स्थलों से उतरवाए लाउडस्पीकर, 63 के खिलाफ रिपोर्ट

मस्जिद में लगे लाउडस्पीकर उतरवाती पुलिस।स्रोत-पुलिस प्रशासन
बदायूं। जिले में रविवार रात अभियान चलाकर सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर उतरवाए गए। तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने वाले 63 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। रात में एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने शहर में भ्रमण कर पुलिस की कार्रवाई देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि कहीं भी नियम विरुद्ध तरीके से लाउडस्पीकर न बजने दिए जाएं।
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह के आदेश पर रविवार रात जिलेभर में लाउडस्पीकर के खिलाफ अभियान चलाया गया। रात 10 बजे के बाद धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति नहीं है। मानक के विपरीत लाउडस्पीकर बजते पाए गए तो संबंधित स्थल के जिम्मेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जिले में 1840 धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर लाउडस्पीकर बजाए जाते हैं।
रात में चेकिंग के दौरान 167 लाउडस्पीकर मानक के विपरीत बजते पाए गए। इसके अलावा पुलिस ने 86 स्थलों पर लाउडस्पीकरों की आवाज कम कराई और उनके जिम्मेदारों को चेतावनी दी। साथ ही 81 स्थलों से पुलिस ने लाउडस्पीकर उतरवाए और तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने वाले 63 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।