बदायूं

Budaun News: 17 करोड़ से बने सोत नदी के पुल पर गड्ढे हुए जानलेवा

Connect News 24

बाईपास पर दो साल पहले हुआ था पुल का निर्माण, अब एक बारिश भी झेलने में सक्षम नहीं

– करीब एक किलोमीटर के दायरे में बाईपास भी कई जगह किनारों से है धंस चुका

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। शहर से गुजरने वाले बाईपास पर सोत नदी पर बना पुल एक साल में दूसरी बार धंस गया है। इसके अलावा बाईपास भी कई जगह किनारों से धंस चुका है। करीब एक किलोमीटर के दायरे में बाईपास धंसने की वजह से हादसों की आशंका बढ़ गई है। मानसून से पहले अगर पुल और बाईपास की मरम्मत न हुई तो यह गड्ढे जानलेवा साबित होंगे।

शहर में लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बरेली रोड से मेडिकल कॉलेज होते हुए मथुरा रोड को जोड़ने वाले मार्ग पर बाईपास का निर्माण कराया गया था। बाईपास का निर्माण होने के बाद भी सोत नदी पर पुल का निर्माण कई सालों तक नहीं हो सका। साल 2021 में 16.8 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण कराया गया, लेकिन इसमें मानक के अनुरूप सामग्री नहीं लगाई गई। इसका खामियाजा अब जनता को भुगतना पड़ रहा है।

बाईपास का निर्माण होने के कुछ समय बाद ही बाईपास किनारों से धंसने लगा तो जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए। गड्ढों की वजह से हादसे की आशंका बढ़ी तो पिछले साल गड्ढों को भरवा दिया गया। मगर, यहां सिर्फ औपचारिकताएं ही पूरी की गईं। इस वजह से उन गड्ढों में डाली गई सामग्री उखड़ने लगी और गड्ढे फिर से दिखाई देने लगे। सबसे ज्यादा बाईपास के बीच में बना पुल खतरा बनता जा रहा है, उसकी बड़ी वजह है कि यह पुल धंसने लगा है। इसके अलावा बाईपास भी कई जगह से धंस चुका है, इस वजह से बरसात में हादसों का खतरा बन चुका है।

आठ माह पहले ही हुई थी पुल की मरम्मत

बाईपास पर बना पुल आठ महीने पहले दोनों साइडों से धंस गया था। दोनों साइड से पुल धंसने के बाद लोक निर्माण विभाग ने राज्य सेतु निगम के अधिकारियों को शिकायत भेजी तो राज्य सेतु निगम ने इसकी मरम्मत कराई। निगम ने कहा था कि पहली बारिश तक वह चेक करते हैं कि पुल की साइडों से मिट्टी कितनी धंसेंगी। उस वक्त दावा किया गया कि अब पुल नहीं धंसेगा, लेकिन एक साल भी यह मरम्मत कार्य नहीं चल सका।

सोत नदी पर बने पुल की सड़क धंसने की शिकायत मिली है। संबंधित विभाग को मरम्मत कार्य के लिए निर्देशित किया जाएगा। पुल धंसा है तो उसकी मरम्मत राज्य सेतु निगम से कराई जाएगी। पत्र लिखकर निगम को अवगत कराएंगे।

– मनीष सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग

Photo Title

Photo Title


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button