Budaun News: उझानी में रेलवे रोड का जल्द होगा कायाकल्प

उझानी के स्टेशन रोड पर गड्ढे। संवाद
उझानी। लिंक रोड मोड़ से रेलवे स्टेशन के मुख्यद्वार तक गड्ढों में तब्दील सड़क का जल्द ही 28 लाख रुपयों की लागत से कायाकल्प होगा। इसके लिए डीपीआर भेज दी गई है।
रेलवे रोड पर पिछले साल गहरे गड्ढे हो गए थे। इसके बाद नगर पालिका परिषद ने गड्ढे तो भरवा दिए, लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही की वजह से कंकरीट के पैबंद दो-तीन महीनों में ही जवाब दे गए। ऐसे में पालिका ने सड़क के कायाकल्प का प्रस्ताव कार्ययोजना में शामिल कर पत्रावली अफसरों को भेजी।
इसके बाद पीडब्ल्यूडी के जेई ने डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) भेजी। डीपीआर में बताया गया कि लिंक रोड मोड़ से रेलवे स्टेशन के मुख्यद्वार तक खस्ताहाल सड़क के कायाकल्प पर करीब 28 लाख रुपये खर्च होंगे।
सड़क निर्माण के दौरान दोनों ओर पटरियों के अलावा नालियां भी बनेंगी, क्योंकि सड़क की ऊंचाई कम होने से आसपास के घरों का पानी सड़क पर बहने लगता है। बता दें कि टैक्सी स्टैंड से लिंक रोड मोड़ तक इस साल सड़क का जीर्णोद्धार हो चुका है, लेकिन इससे आगे स्टेशन के मुख्यद्वार तक चार सौ मीटर अब भी जस का तस है।
–
ओवरलोड ट्रकों ने बिगाड़ी सड़क की सूरत
घंटाघर चौराहे से रेलवे स्टेशन के मुख्यद्वार तक सड़क नगर पालिका परिषद की है। इस मार्ग पर स्टेशन से लिंक रोड मोड़ के रास्ते मालगोदाम तक रैक की लोडिंग और अनलोडिंग के लिए अनाज लदे ट्रक भी जाते हैं। राशन के गेहूं और चावल के अलावा पूरे जिले में खपत के लिए खाद की भी अनलोडिंग मालगोदाम पर होती है। जिस समय स्टेशन रोड बना था, तब मालगोदाम पर लोडिंग और अनलोडिंग नहीं होती थी। गड्ढे हो जाने की वजह से इस सड़क पर हादसे का अंदेशा भी बना हुआ है।
–
लिंक रोड मोड़ से रेलवे स्टेशन तक सड़क का कायाकल्प कराने के लिए डीपीआर स्वीकृति की स्थिति में पहुंच गई है। स्वीकृति का पत्र प्राप्त होते ही निर्माण कार्य के लिए धनराशि अवमुक्त कर काम शुरू करा दिया जाएगा।
– अब्दुल सबूर, ईओ


