Budaun News: दो स्कूलों की कृषि योग्य जमीन लीज पर उठाई

क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव स्कूल फार्म की जमीन नीलामी करते नायब तहसीलदार, प्रधान और अध्यापक। सं
नायब तहसीलदार, प्रधान की निगरानी में हुई प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं/ दबतोरी। तहसील बिसौली के चार स्कूलों की कृषि योग्य जमीन को सोमवार को लीज पर उठाने के लिए बोली लगाई गई। ऐसे में दो स्कूलों में पिछले साल के अपेक्षा कम धनराशि मिलने पर लीज प्रक्रिया को अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया, जबकि लक्ष्मीपुर और मुंसीनगला की जमीन को लीज पर उठा दिया गया। यह प्रक्रिया नायब तहसीलदार मोहम्मद अजहर अंसारी की निगरानी में हुई।
बेसिक शिक्षा विभाग के बिसौली क्षेत्र में 12 स्कूल ऐसे हैं, जिनके पास में खुद की कृषि योग्य जमीन है। इन स्कूलों की जमीन को विभाग लीज पर उठा रहा है। जिसमें उच्च प्राथमिक स्कूल भरतपुर, संविलियन स्कूल परसिया, संविलियन स्कूल मुसियानगला, प्राथमिक स्कूल लक्ष्मीपुर द्वितीय शामिल है। सोमवार को चारों स्कूलों की जमीन आसफपुर/ बिसौली के नायब तहसीलदार मोहम्मद अजहर अंसारी की मौजदूगी में लीज पर दिए जाने के लिए बोली लगाई गई।
इसमें संविलियन स्कूल मुसियानगला की जमीन 19,500 रुपये में तो प्राथमिक स्कूल लक्ष्मीपुर द्वितीय की जमीन 1.45 लाख रुपये में लीज पर उठाई गई। दोनों ही स्कूलों में पिछले साल के मुकाबले 10-10 हजार रुपये अधिक बोली लगी।
वहीं उच्च प्राथमिक स्कूल भरतपुर, संविलियन स्कूल परसिया में बोली कम आने पर प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। एसडीएम विजय कुमार मिश्र के अनुसार बीईओ आसफपुर के मिले पत्र के तहत तिथि तय करते हुए संबंधित नायब तहसीलदारों की ड्यूटी लगाई गई थी। उनकी देखरेख में ही नीलामी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
एबीएसए उपेंद्र दत्र त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार को चार स्कूलों की जमीन को लीज पर दिया जाना था। बोली कम लगने से केवल दो ही स्कूलों की जमीन लीज पर दी जा सकी।