Budaun News: दुकान से 21 हजार रुपये के हार लेकर भागे उचक्के
दुकानदार ने अज्ञात उचक्कों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बिल्सी कस्बे में गल्ला व्यापारी के रुपये लूटकर भागे लुटेरों का अभी पता नहीं चला था कि तब तक तीन उचक्के एक दुकान से 21 हजार रुपये के नोटों के हार लेकर भाग गए। तीनों उचक्के दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे थे। कुछ देर तक हार देखते रहे। बाद में हार लेकर भाग निकले । दुकानदार ने अज्ञात उचक्काें के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
कस्बा निवासी दुकानदार पुनीत कुमार वार्ष्णेय के मुताबिक उनकी दुकान पर माता-पिता बैठे हुए थे। इसी दौरान उनकी दुकान पर बाइक से तीन उचक्के पहुंचे। उन्होंने नोटों का हार देखने को कहा। इस पर उनके माता-पिता ने नोटों के हार निकालकर उचक्कों के सामने रख दिए। कुछ देर तक वह नोटों के हार देखते रहे। इस दौरान उन्होंने एक दस हजार रुपये का, दो पांच-पांच हजार रुपये के और एक हार एक हजार रुपये का निकलवाया।
उचक्कों ने उनके माता-पिता को बताया कि वह ऑनलाइन भुगतान करेंगे। उन्होंने 21 हजार रुपये के हार पैक करा लिए। इसके बदले उन्हें 22 हजार रुपये का भुगतान करना था लेकिन उन्होंने भुगतान नहीं किया और बाइक पर बैठकर भाग गए। उन्हें भागते देखकर माता-पिता ने शोर भी मचाया लेकिन जब तक लोगों को समझ में आता, इससे पहले वह हार लेकर रफूचक्कर हो गए।
सूचना पर पुनीत कुमार अपनी दुकान पर पहुंचे। फिर उन्होंने थाने जाकर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है।