Budaun News: पेंशनधारकों के बनाए जाएंगे राशन कार्ड
– जिले में 26200 पेंशनधारकों के पास नहीं है राशन कार्ड
– समाज कल्याण विभाग ने पूर्ति कार्यालय को उपलब्ध कराई सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। समाज कल्याण विभाग से पेंशन पा रहे सभी पेंशनधारकों को राशन कार्ड मुहैया कराया जाएगा। इसको लेकर कवायद शुरू हो गई है। विभाग के अनुसार 26,200 पेंशनधारकों के पास राशन कार्ड नहीं है। इसकी सूची विभाग ने पूर्ति कार्यालय को भेजी है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत ऐसे लाभार्थियों का चयन किया जा रहा है जो पेंशन का लाभ ले रहे हैं, पर उनके पास में राशन कार्ड नहीं है। ऐसे में शासन के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग की तरफ से ऐसे पेंशनधारकों का चयन किया गया। सामने आया है कि वृद्धावस्था के 78,261 पेंशन धारक है, जिनमें से 16834 के पास राशन कार्ड नहीं है।
जिसे में 45,646 निराश्रित महिला पेंशनर्स है, इनमें से 7777 के पास में राशन कार्ड नहीं है, जबकि दिव्यांग के 20,373 पेंशनधारक है। इनमें से 3700 पेंशन धारकों के पास राशन कार्ड नहीं है। इनकी लिस्ट बनाकर जिला समाज कल्याण अधिकारी राम जनम ने जिला पूर्ति कार्यालय को उपलब्ध करा दी है। जिसके बाद में पूर्ति विभाग की तरफ से पेंशनर्स की जानकारी की जा रही है। और उनके बाद में राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं।