Budaun News: मजदूर ले जाने के नाम पर तीन लाख ठगे, चार पर रिपोर्ट दर्ज
गांव के चार लोगों को दिए थे तीन लाख रुपये पर मजदूर लेकर नहीं पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। उसावां थाना क्षेत्र में मजदूर ले जाने के नाम पर तीन लाख रुपये का चूना लगा दिया गया। गांव के अच्छन खां ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि वह महाराष्ट्र में काम कर रहे थे। उन्होंने अपने गांव के चार लोगों को मजदूर लाने के लिए तीन लाख रुपये दिए थे लेकिन वे मजदूर लेकर नहीं पहुंचे और न ही उनके रुपये लौटाए।
उसावां थाना क्षेत्र के गांव रिठिया निवासी अच्छन खां महाराष्ट्र में ठेका लेकर काम करते हैं। वह अपने गांव और आसपास के इलाकों से मजदूरों को ले जाते हैं। अच्छन खां के मुताबिक उन्हें महाराष्ट्र में कुछ मजदूरों की जरूरत थी, जिस पर उन्हाेंने अपने गांव के सद्दाम, ताहिर, नन्हू और उसकी पत्नी मीना बेगम से बात की।
आरोपियों ने मजदूर भेजने के लिए हामी भर दी थी, जिससे उन्होंने आरोपियों को तीन लाख रुपये एडवांस दे दिए लेकिन उन्होंने न तो मजदूर भेजे और न ही स्वयं लेकर पहुंचे। उन्होंने कई बार आरोपियों को कॉल की लेकिन बाद में उन्होंने कॉल रिसीव करना भी बंद कर दिया। थकहार कर वह महाराष्ट्र से बदायूं आ गए।
उन्होंने आरोपियों से अपने रुपये मांगे। इसको लेकर गांव में पंचायत भी हुई। 28 जुलाई को उसने फिर तकाजा किया लेकिन आरोपी लाठी-डंडे लेकर उसे मारने के लिए आ गए। उसे जान से मारने की धमकी दी। बाद में अच्छन खां ने तहरीर देकर चारों लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी छानबीन शुरू कर दी है।