Budaun News: पति और सास-ससुर समेत छह पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट
दहेज नहीं मिलने पर घर से निकालने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सहसवान। थाना मुजरिया के ग्राम धुरी नगला निवासी एक महिला ने ग्राम भवानीपुर खैरू निवासी ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव निवासी उपासना ने थाना मुजरिया में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी थाना कोतवाली सहसवान के ग्राम भवानीपुर खैरू निवासी गुरुदेव पुत्र मोहनलाल के साथ लगभग चार वर्ष पूर्व हुई थी। वर्ष 2020 में पति को करंट लगने से उनका धड़ बेकार हो गया। पति सही नहीं हुआ तो ससुर मोहनलाल व सास कस्तूरी ने कहा वह अपने देवर गुड्डू के साथ शादी कर ले।
विवाहिता के अनुसार, उसने इन्कार किया लेकिन उन्होंने उसकी शादी उसके देवर से करा दी। कुछ समय तक गुड्डू के साथ पारिवारिक संबंध अच्छे चलते रहे परंतु कुछ दिनों के बाद पति गुड्डू, ससुर मोहनलाल, सास कस्तूरी, देवर शिशुपाल व विकास तथा ननद मधु ने दहेज की मांग शुरू कर दी तथा कहा कि वह अपने घर से एक मोटरसाइकिल एवं नकदी लेकर आए।
प्रार्थिनी ने ससुराल वालों को काफी समझाया। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई तो उन्होंने उसे जबर्दस्ती गर्भपात की दवा खिला दी, जिससे उसका गर्भपात हो गया। इसके बाद उन लोगों ने उसे मारना पीटना शुरू कर दिया और धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह मायके आ गई। उपासना ने पति समेत सास-ससुर, दो देवर तथा ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।