Budaun News: फर्जी कलेक्शन एजेंट के खिलाफ लूटपाट, रंगदारी मांगने की रिपोर्ट
बदायूं। सिविल लाइंस इलाके में सक्रिय फर्जी कलेक्शन एजेंट के खिलाफ अब न्ययायालय के आदेश पर लूटपाट और रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव रहमा निवासी वीरेश के मुताबिक, उन्होंने वर्ष 2019 में बाइक खरीदी थी। उन्हाेंने 28,500 रुपये नकद जमा किए ते, जबकि 49,848 रुपये के लोन की 12 किस्त बनवाई थीं। उन्हें हर माह 4154 रुपये जमा करने थे। उन्होंने एक साल में फाइनेंस कंपनी का सारा रुपया जमा कर दिया। 12 मई 2023 को वीरेश अपने भाई महेश के साथ मिढ़ौली से दवा लेकर लौट रहे थे, तभी शेखूपुर रेलवे स्टेशन के नजदीक फर्जी कलेक्शन एजेंट भूपेंद्र ने अपने दो साथियों के साथ उनकी बाइक रोक ली।
आरोप है कि भूपेंद्र व उसके साथी ने वीरेश की पिटाई करके 30 हजार रुपये लूट लिए। वह अपने बेटे राजा का इलाज कराने के लिए रुपये लाए थे। बेटा शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती था। भूपेंद्र उनकी बाइक भी छीन ले गया। उन्होंने बाइक वापस मांगी तो इसके बदले 1500 रुपये की रंगदारी मांगी गई। वीरेश ने 1300 रुपये दे भी दिए, लेकिन बाइक नहीं लौटाई गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो वीरेश ने एजेंट के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दायर किया। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।