बदायूं

Budaun News: शादी का झांसा देकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म में तीन पर रिपोर्ट

Connect News 24

– सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक साल से सहमति संबंध में रह रहे थे युवक-युवती

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती का एक साल पहले अपने पति से विवाद हो गया था। युवती अपने मायके में रहकर एक कंपनी में काम करने लगी। युवती की मुलाकात उसी दौरान कंपनी में ही काम करने वाले सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रहने वाले मयंक कुमार से हुई। इसके बाद दोनों में मिलना-जुलना शुरू हो गया।

मयंक ने उसको शादी का झांसा दिया, इसके बाद वह उसके साथ सहमति संबंध में रहने लगी। आरोप है कि बीते वर्ष 22 जून को मयंक ने उसके साथ दुष्कर्म किया तो उसने इसकी शिकायत सिविल लाइंस थाने में की। पीड़िता का आरोप है कि मयंक के चाचा जो डीएम कार्यालय में कर्मचारी हैं, उनके दबाव में आकर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद मयंक ने उससे कहा कि उसका तलाक होते ही वह उससे शादी कर लेगा। इस दौरान उसका कई बार शारीरिक शोषण किया गया। उसके चाचा और रिश्ते के भाई ने भी उसके साथ अश्लीलता की। इसके बाद मयंक अचानक गायब हो गया।

बीती 23 मई को मयंक ने फोन करके अपने चाचा के घर बुलाया, जहां उसके चाचा ने भी उसके साथ अश्लीलता की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मयंक, उसके चाचा खजानचंद्र, हिमांशु के साथ दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। इस संबंध में एसएचओ गौरव विश्नोई ने बताया कि दोनों सहमति संबंध में रहते थे। युवती की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

युवती ने जिला अस्पताल में भी किया था हंगामा

प्रेमी समेत उसके चाचा और चचेरे भाई पर सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने वाली युवती ने चार दिन पहले जिला अस्पताल में भी हंगामा किया था। युवक उससे छिपते हुए जिला अस्पताल में अज्ञात में भर्ती हो गया था। इसकी जानकारी होने पर युवती जिला अस्पताल में पहुंची और उसने युवक की चप्पलों से पिटाई की थी। इस दौरान युवती ने उसपर गंभीर आरोप लगाते हुए धमकी दी थी कि उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button