Budaun News: बिलहत से नवादा और पलियाझंडा से मियागंज तक बनेगी सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Sat, 14 Oct 2023 01:13 AM IST

कुछ ऐसी है बिलहत से नवादा जाने वाली सड़क की हालत। संवाद
बदायूं। शहर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बिलहत से नवादा और पलियाझंडा से मियागंज तक के संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए शासन ने अनुमति दे दी है। करीब 84 लाख की लागत से इन दोनों सड़कों का निर्माण होगा। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद को कार्यदायी संस्था बनाया गया है।
ग्राम बिलहत से नवादा और पलिया झंडा से मियागंज को जोड़ने वाली सड़क काफी जर्जर हाल में है। बिलहत से नवादा जाने वाला मार्ग तो पूरी तरह कच्चा है। बारिश में यहां दलदल हो जाती है। काफी समय से स्थानीय लोग विधायक से इनके निर्माण की मांग कर रहे थे। इसके बाद महेश चंद्र गुप्ता ने कुछ समय पहले इस संबंध में शासन को प्रस्ताव बनाकर दिया था, जिसके बाद अब इनके निर्माण को मंजूरी मिल गई है।
इसमें बिलहत से नवादा तक की एक किमी सड़क का 60.96 लाख तथा पलियाझंडा से मियागंज तक की करीब आधा किमी सड़क का निर्माण 22.40 लाख की लागत से किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य अभियंता ग्रेड-2 सत्यप्रकाश की ओर से डीएम को पत्र भेजा गया है। विधायक ने बताया कि इन सड़कों का निर्माण कार्य जल्द ही कार्यदायी संस्था शुरू कर देगी। इन सड़कों के बनने के बाद क्षेत्र के तमाम गांवाें के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।