Budaun News: सैदपुर में सफाई कर्मचारियों ने किया ईओ को घेराव
सैदपुर। नगर पंचायत में तैनात सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को अधिशासी अधिकारी का घेराव किया। कर्मचारियों का कहना है दो माह हो गए, लेकिन उन्हें अब तक वेतन नहीं दिया गया है। दिवाली पर भी वेतन न मिलने से कर्मचारी परेशान हैं।
नगर पंचायत में स्थायी, दैनिक वेतन भोगी समेत करीब 50 सफाई कर्मचारी हैं। सभी को सितंबर, अक्तूबर का वेतन अब तक नहीं मिला है। धनतेरस-दीपावली में अब दो-तीन दिन ही बाकी हैं। कर्मचारियों के सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। वे त्योहार के लिए जरूरी सामान की भी खरीदारी नहीं कर पा रहे हैं।
नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी अखिलेश कुमार दीक्षित ने बताया कि लेखा अधिकारी की नियुक्ति के अभाव में वेतन नहीं बन पाया है। लेखा अधिकारी ही पोर्टल पर लॉगिन आईडी के माध्यम से वेतन बनाते हैं। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष इशरत अली खान के साथ ही उन्होंने डीएम को भी अवगत करा दिया है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष इशरत अली खान ने बताया कि दिवाली से पूर्व कर्मचारियों को वेतन का भुगतान हरहाल में कर दिया जाएगा।



