Budaun News: सड़क हादसे में स्कूल के चौकीदार की मौत

मृतक फरमान का फाइल फोटो। (एक्सीडेंट की खबर के साथ)
बिनावर। बरेली-बदायूं हाईवे पर विजय नगला के पास किसी वाहन की चपेट में आने से स्कूल के चौकीदार रामदास (58) की मौत हो गई। वह सिरोही गांव से दावत खाकर स्कूल आ रहे थे।
बरेली जिले के भमोरा थाना क्षेत्र के गांव सिरोही निवासी रामदास विजय नगला में स्थित शिवराज सिंह यादव जूनियर हाईस्कूल में चौकीदार थे। शुक्रवार शाम गांव में ही दावत थी। वह देर रात दावत खाकर स्कूल लौट रहे थे, तभी बरेली-बदायूं हाईवे पर विजय नगला में धर्मेंद्र गुप्ता की दुकान के सामने किसी वाहन की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल होने पर पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि अभी इस मामले में तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
सड़क हादसे में घायल दूसरे युवक ने भी दम तोड़ा
बिनावर। बरेली-बदायूं हाईवे पर सड़क हादसे में घायल युवक फरमान की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। 19 नवंबर को सिकरोड़ी गांव निवासी असद, कमल हसन और फरमान बाइक पर कपड़े खरीदने बिनावर आ रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने डीसीएम की टक्कर लगने से असद की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कमल हसन और फरमान घायल थे। उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को फरमान ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बरेली पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराया है। तीसरे घायल कमल हसन का बरेली में इलाज चल रहा है। संवाद



