Budaun News: ओमेंद्र को पिटता देख भाइयों ने तैश में किया था बुजुर्ग किसान पर हमला
बदायूं। हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव असफपुर में बुजुर्ग किसान रामविलास की हत्या ओमेंद्र को पिटता देखकर तैश में आकर की गई थी। पुलिस ने आरोपी तीनों भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें देर रात गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार दोपहर बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
रामविलास का झगड़ा ओमेंद्र से हुआ था। रामविलास और उनके परिजन जब ओमेंद्र को पीट रहे थे तभी उसके दोनों भाई रिंकू और मनीष लाठी लेकर वहां आ गए। ओमेंद्र को पिटता देखकर वे रामविलास पर टूट पड़े। उनके सिर में कई लाठियां मारीं। इससे रामविलास लहूलुहान हो गए। अस्पताल ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
बृहस्पतिवार रात हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव असफपुर में 63 वर्षीय रामविलास की लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई थी। दरअसल, रामविलास का पौत्र पड़ोस में दुकान से टॉफी लेने गया था। लौटते वक्त रास्ते में ओमेंद्र ने नशे में उसे रोक लिया और आपत्तिजनक हरकतेंं कर दीं। बालक उससे छूटकर घर पहुंचा और परिवार वालों को ओमेंद्र की हरकतों के बारे में बताया।
रामविलास ओमेंद्र से हरकतों के बारे में पूछने निकले तो उनका बेटा सुबोध भी पीछे हो लिया। इन लोगों ने ओमेंद्र के साथ मारपीट कर दी थी। यह देखकर ओमेंद्र के भाई रिंकू और मनीष लाठी लेकर आ गए थे। उन्होंने तैश में आकर रामविलास के ऊपर हमला बोल दिया। इस संबंध में रामविलास के दूसरे बेटे जैनेंद्र ने ओमेंद्र, रिंकू और मनीष के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर शुक्रवार दोपहर बाद जेल भेज दिया।
– असफपुर में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में रामविलास की मौत हो गई थी। परिवार वालों की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। – अमित किशोर श्रीवास्तव, एसपी सिटी