Budaun News: आंधी का कहर, पेड़ गिरने से किसान की दबकर मौत

कुंवरगांव कस्बे में आंधी से गिरा बिजली के खंभे से क्षतिग्रस्त हुए बक्से। संवाद
बदायूं। जिले में आंधी और बारिश ने कहर बरपाया। सोमवार शाम पेड़ गिरने से एक किसान और एक भैंस की मौत हो गई। वहीं कुंवरगांव में पेड़ गिरने से एक दुकानदार का काफी सामान टूट गया।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के मिहौना गांव में 62 वर्षीय किसान केशों शाक्य शाम को अपने खेत में मिर्च की फसल की निराई कर रहे थे तभी आंधी आ गई। वह बचने के लिए पेड़ के नीचे आए तभी पेड़ उन पर ही गिर गया। सूचना पर परिवार वाले रोते-बिलखते खेत पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से जैसे-तैसे पेड़ हटवाकर शव को निकाला। परिवार वालों की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
भैंस की भी दबने से गई जान
उसहैत। थाना क्षेत्र के गांव परवीन नगला में सोमवार को अमित कुमार की भैंस पेड़ के नीचे बंधी थी। आंधी आने से पेड़ गिर गया और उससे दबकर भैंस की मौत हो गई। बाद में ग्रामीणों ने पेड़ काटकर भैंस को बाहर निकाला। ग्रामीण ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी है।
दुकान पर गिरा पेड़, बक्से पिचके : कुंवरगांव। कस्बे में कल्लू और अमन की थाने के नजदीक कुठिया बक्सों की दुकान है। उनकी दुकान के सामने नीम का पेड़ था। सोमवार को आंधी आने से नीम का पेड़ बिजली की लाइन पर टूटकर गिर गया, जिससे दुकान के सामने बिजली का खंभा भी टूटकर गिर पड़ा और उससे दबकर दुकान के सामने रखे कुठिया बक्शे पिचक गए। इस हादसे में कई लोग बाल-बाल बच गए। इससे कस्बे की बिजली गुल हो गई।
यूकेलिप्टस का पेड़ झुका, निर्माणाधीन दुकान की दीवार गिरी
वजीरगंज। कस्बे में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर सनोज शंखधार की दुकान का निर्माण चल रहा है। उनकी दुकानों की ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। सोमवार को तेज आंधी में स्वास्थ्य केंद्र में खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ों के झोंके लगने से निर्माणाधीन दुकान की दीवार गिर गई। गनीमत ये रही कि इसमें को चोट नहीं आई।
फीडर की बिजली गुल, कई गांव अंधेरे में : दबतोरी। ब्लाॅक आसफपुर क्षेत्र के करेंगी फीडर की बिजली सोमवार दोपहर आंधी-बारिश आने से ठप हो गई। बताते हैं कि जर्जर लाइन होने की वजह से बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी। इस दौरान लाइन में कई जगह फाल्ट हो गए। आसफपुर विद्युत उपकेंद्र से करेंगी फीडर को बिजली आपूर्ति होती है तो वहीं लाइन को दो भागों में बांटा गया है, जिसमें एक लाइन से ट्यूबवेल चलते हैं। दूसरी लाइन से घरेलू बिजली दी जाती है। आंधी से दोनों लाइन ठप रहीं। इससे क्षेत्र के गांव दबतोरा, लक्ष्मीपुर, संग्रामपुर, बिजौरी, बीधानगला, भरतपुर, पुरवा खेड़ा, सिरसांवा, करलावाला, ललुआनगला, मुसियानगला, दौलतपुर, करेंगी आदि गांवों की बिजली ठप रही।

कुंवरगांव कस्बे में आंधी से गिरा बिजली के खंभे से क्षतिग्रस्त हुए बक्से। संवाद