बदायूं

Budaun News: एथेनॉल से भरा टैंकर ई-रिक्शा पर पलटा

Connect News 24

उझानी। बदायूं मोड़ पर रविवार सुबह एथेनॉल (ज्वलनशील पदार्थ) से भरा टैंकर पलट गया। सड़क किनारे खड़ा ई-रिक्शा टैंकर की चपेट में आ गया। ई-रिक्शा चालक ने कूदकर जान बचाई है। हादसे के बाद एथेनॉल का रिसाव होने लगा तो आसपास के लोग घबरा गए। पुलिस ने दमकल बुलाकर टैंकर समेत आसपास पानी की बौछार कराई। करीब तीन घंटे के मशक्कत के बाद चार क्रेनों की मदद से टैंकर को सीधा किया गया।

हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ। यह टैंकर उत्तराखंड के काशीपुर से महाराष्ट्र जा रहा था। इसे बरेली जिले के भोजीपुरा पिपरिया निवासी सुखपाल चला रहा था। कल्याण सिंह चौक पर तीव्र मोड़ होने की वजह से चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद टैंकर सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा को चपेट में लेते हुए पलट गया।

गनीमत रही कि टैंकर के पलटने से पहले ही ई-रिक्शा चालक गद्दीटोला मोहल्ला निवासी अमित कुमार कूदकर भाग गया। वहीं, टैंकर का चालक अंदर केबिन में ही फंस गया। उसे अगला शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। हादसे में उसे चोट आई है। सूचना पर पहुंचे दरोगा राहुल पुंडीर और पुलिस कर्मियों ने मौके पर जुटे लोगों को हटाकर बदायूं से दमकल और चार क्रेन मंगवाईं।

टैंकर से एथेनॉल का रिसाव होने पर आसपास के इलाके में दुर्गंध फैल गई। ज्वलनशील पदार्थ होने की वजह से वहां से ठेला-खोमचा वाले भी हटवा दिए गए। टैंकर को सीधा कराने में चार क्रेनों को करीब तीन घंटे का समय लगा। इस दौरान दमकल से फायरकर्मी पानी की बौछार करते रहे। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को पुलिस ने सुरक्षा उपायों के साथ हटवा दिया है। उसके चालक के मामूली चोट आई है। ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया था। टैंकर हटवाने के दौरान एक तरफ का आवागमन कुछ देर तक प्रभावित रहा।

तेज गति और मोड़ बना हादसे की वजह

कल्याण चौक पर हादसे के बाद जुटे लोगों और ई-रिक्शा चालक अमित ने बताया कि टैंकर तेजी से आ रहा था। मोड़ पर प्रतिमा की ओर सड़क ऊंची है और दूसरी ओर नीची है। तेज गति और मोड़ होने के कारण टैंकर निचले हिस्से की तरफ झुकता चला गया और पलट गया। गनीमत रही कि मोड़ पर वाहनों के इंतजार में सवारियां नहीं खड़ी थी, वरना तो बड़ा हादसा हो सकता था।

चौक पर पहले भी हो चुके हैं हादसे

बदायूं बाइपास मोड़ स्थित कल्याण चौक पर पहले भूसा भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी थी। इसके करीब दो महीना बाद दो ट्रक आपस में भिड़ गए थे। इन हादसों में हालांकि कोई घायल नहीं हुआ था। ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक कुशल राघव बताते हैं कि मोड़ के पास बिजली के पोल लगे हैं। बिजली के पोल अगर करीब 10 फुट पीछे शिफ्ट कर दिए जाएं तो दिक्कत नहीं होगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button