बदायूं

Budaun News: मुहम्मदनगर सुलरा में बुखार से किशोरी की मौत

Connect News 24

बदायूं। जगत ब्लॉक के गांव मुहम्मदनगर सुलरा में एक किशाेरी की बुखार से जान चली गई। गांव के कई अन्य लोग भी बुखार की चपेट में बताए जा रहे हैं। इधर, सीएमओ को निरीक्षण के दौरान कई गांवों में गंदगी के साथ लार्वा पनपता मिला। इसकी रिपोर्ट पर डीपीआरओ ने विभिन्न गांवों के नौ सफाई कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकते हुए नोटिस जारी किया है।

अलापुर क्षेत्र के गांव बिलहरी, उझानी के सकरीजंगल समेत कई स्थानों पर बुखार के कारण कई लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें मरने वालों की सबसे ज्यादा संख्या बिलहरी और सकरीजंगल में ही रही है। बिसौली के गदगांव, सैदपुर आदि में भी बुखार के मरीज मिले हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार प्रभावित जगहों पर कैंप कर रही हैं, लेकिन विभाग बुखार से मौत होना लगातार नकार रहा है।

रविवार को गांव मुहम्मदनगर सुलरा निवासी नबी हसन की 14 साल की बेटी अनस की मौत हो गई। परिवार वालों के अनुसार, अनस को कई दिनों से बुखार आ रहा था। ग्राम प्रधान पति राकेश के मुताबिक बुखार की चपेट में आने से पांच दिन पूर्व महिला मुनीशा की मौत हो गई थी। महिला प्रधान रिंकी का बरेली के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताते हैं कि गांव में तमाम लोग बुखार की चपेट में हैं।

इधर, सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय ने सोमवार को म्याऊं ब्लॉक के बिलहरी समेत म्यारी, अभयपुर, नगरिया हुसैनगंज आदि का निरीक्षण किया। गांव में काफी गंदगी मिली। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने जमालपुर के सफाई कर्मी मुकेश कुमार व सुनील कुमार, बिलहरी के पप्पू, म्याऊं के राकेश, बलवीर सिंह, शीशराम व गुड्डोदेवी, म्यारी के जय सिंह समेत नगरिया हुसैनगंज के शिवसिंह का एक दिन का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

डीपीआरओ ने बताया कि सभी सफाईकर्मियों से तीन दिन के अंदर जवाब मांगा गया है। निर्धारित अवधि में जवाब न देने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

सैदपुर में सात टाइफाइड और तीन मलेरिया के मरीज मिले

सैदपुर। सीएचसी की टीम ने ग्राम सहावर खेड़ा में आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 110 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें सात टाइफाइड और तीन मलेरिया रोगी पॉजिटिव मिले। लोगों को रोगों से बचाव की जानकारी दी गई और दवा का वितरण किया गया। डॉ. राजीव कुमार ने टाइफाइड से बचाव के लिए पानी उबालकर पीने और क्लोरीन की गोलियां डालकर पीने की और मच्छरों के बचाव से मच्छरदानी लगाकर सोने की सलाह दी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. फिरासत हुसैन ने बताया कि मंगलवार को गांव ब्योली में शिविर लगाया जाएगा। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button