Budaun News: स्कार्पियो में सवार थे तहसीलदार, कोई फर्जी मजिस्ट्रेट नहीं
उझानी। कछला नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बृहस्पतिवार को मजिस्ट्रेट लिखी कार में कोई और नहीं बल्कि तहसीलदार राजीव उपाध्याय थे। पुलिस ने इसका दावा करते हुए स्टाफ से कहासुनी को महज गलतफहमी का परिणाम बताया है।
नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी महेश प्रताप सिंह ने पुलिस से शिकायत की थी कि बृहस्पतिवार दोपहर अस्पताल में मजिस्ट्रेट लिखी स्कार्पियो आई। उसमें सवार पांच-छह लोगों ने स्वास्थ्य कर्मियों से अभद्रता की। कार्रवाई के लिए चिकित्साधिकारी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर भी सौंप दी थी।
शिकायत की जांच में जुटे प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात ही मजिस्ट्रेट लिखी कार का पता लगा लिया गया। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, कार में तहसीलदार राजीव उपाध्याय थे। वह शाहजहांपुर जिले में तैनात हैं, लेकिन हार्ट की बाइपास सर्जरी होने की वजह से करीब छह महीने से अवकाश पर है। कासगंज जाते समय उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया था, इसलिए वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। गलतफहमी में कहासुनी हो गई।



