Budaun News: बच्चा पैदा नहीं हुआ…बन गया जन्मप्रमाण पत्र
आसफपुर सीएचसी का मामला : प्रसव प्रमाण पत्र भी बताया जा रहा फर्जी
संवाद न्यूज एजेंसी
आसफपुर। बच्चा पैदा हुए बिना ही उसका जन्म प्रमाणपत्र आसफपुर सीएचसी से जारी कर दिया गया। माना जा रहा है कि सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए इसे बनवाया गया।
बताया जा रहा है कि शनिवार को कुछ लोग एक फर्जी जन्म प्रमाणपत्र लेकर एमओआईसी डॉ. पंकज शर्मा के पास पहुंचे। प्रमाणपत्र देखने के बाद एमओआईसी ने कंप्यूटर ऑपरेटर केशव उपाध्याय और प्रसव प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करने वाली स्टाफ नर्स ज्योति जेम्स को बुला लिया। स्टाफ नर्स ने बताया कि यह हस्ताक्षर उसके नहीं हैं जबकि प्रमाण पत्र पर डॉ. पंकज शर्मा के डिजिटल हस्ताक्षर मौजूद थे।
जन्म प्रमाणपत्र में बच्चे का नाम उमेश व माता का नाम कुसमा देवी और पिता का नाम हरि सिंह निवासी ग्राम सेटा खेड़ा दर्शाया गया था। एमओआईसी ने इसके बाद सेटा खेड़ा की आशा वर्कर शांति देवी से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि इस नाम के दंपती गांव में हैं लेकिन उनके कोई संतान पैदा नहीं हुई है। उनके सबसे छोटे बच्चे की उम्र 10 साल है। हैरत की बात यह भी है कि जन्म प्रमाणपत्र जिस प्रसव प्रमाण पत्र के आधार पर बनता है, वह भी फर्जी था।
नियम के अनुसार जन्म प्रमाणपत्र बनवाते समय प्रसव प्रमाणपत्र तथा नवजात शिशु के माता-पिता के आधार कार्ड भी लिए जाते हैं। यहां सवाल यह उठता है कि आखिर ये डिटेल जन्म प्रमाणपत्र बनवाने वालों के पास कैसे पहुंची। मामला संज्ञान में आने के बाद अब सब अपनी गर्दन बचाने में लग गए हैं।
जांच में अस्पताल में तैनात एक संविदा कर्मी का नाम सामने आ रहा है। डॉ. पंकज शर्मा ने बताया कि इस मामले की थाना फैजगंज बेहटा में तहरीर दी गई है तथा सीएमओ को भी इस मामले से अवगत करा दिया गया है। एसओ सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जांच की जाएगी, जो भी दोषी होंगे उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मामला संज्ञान में आया है। इस मामले में जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। ॉ
-डाॅ. प्रदीप कुमार