Budaun News: डेयरी संचालक के 25 लाख रुपये लेकर भागा ट्रेडिंग कंपनी का मालिक, पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : Amar Ujala
विस्तार
बदायूं के जरीफनगर इलाके में एक ट्रेडिंग कंपनी का मालिक डेयरी संचालक के 25 लाख रुपये लेकर भाग गया। उसकी ट्रेडिंग कंपनी पर रोजाना डेयरी से करीब 20 से 22 कुंतल दूध सप्लाई हो रहा था। हर सप्ताह उसका आठ से दस लाख रुपये का भुगतान बन रहा था। कंपनी के मालिक ने करीब चार सप्ताह का भुगतान नहीं दिया और अपना सामान बेचकर गाजियाबाद भाग गया। डेयरी संचालक ने अब उसके खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई है।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर टप्पा मलसई निवासी यशपाल अपने गांव में दूध की डेयरी चलाते हैं। उनका कहना है कि गाजियाबाद के गोविंदपुरम निवासी सुनील चौधरी ने जरीफनगर में आकर सुनील ट्रेडिंग कंपनी खोली थी। वह उनकी डेयरी से दूध खरीदता था और उसे दिल्ली व आसपास इलाके में सप्लाई करता था। उसकी ट्रेडिंग कंपनी पर उनका रोजाना 20 से 22 कुंतल दूध जा रहा था।
डेयरी संचालक को थमा दिए थे दो चेक
एक सप्ताह का करीब आठ-दस लाख रुपये का भुगतान था। उसने करीब चार सप्ताह का भुगतान नहीं किया था। ज्यादा कहने पर उसे 25 लाख रुपये के दो चेक दिए थे। वह चेक लेकर बैंक पहुंचे लेकिन बैंक ने उनका भुगतान नहीं किया। उन्होंने इसकी जानकारी ली तो बैंक कर्मचारियों ने बताया कि सुनील चौधरी ने अपने बैंक अकाउंट को होल्ड करवा दिया है। इससे उनका भुगतान नहीं हो सकता।