Budaun News: फंदे से लटके मिले रिंगा की मौत के साथ दफन हो गया खूनी वारदात का राज

मृतक कुन्नू यादव का फाइल फोटो।
वजीरगंज। थाना क्षेत्र में युवक की भाला मारकर हत्या कर दी गई थी। उसकी लाश से थोड़ी दूरी पर ही उसका भाई पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। परिजनों ने उसे बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां होश में आने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इसके साथ ही खूनी वारदात का राज भी दफन हो गया।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव नौली हरनाथपुर में बीती 28 अप्रैल की रात गांव निवासी कुन्नू यादव की खून से लथपथ लाश जंगल में पड़ी मिली थी। गांव वालों ने शव से कुछ ही दूरी पर कुन्नू के भाई रिंगा यादव को भी पेड़ पर फंदे से लटका देखा था। रिंगा को फंदे से उतारकर बिसौली के निजी अस्पताल में ले जाया गया था, जहां से उसे बरेली रेफर कर दिया था। इधर, पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दावा किया था कि कुन्नू ने गोली मारकर आत्महत्या की है। मगर, शव का पोस्टमार्टम हुआ तो उसकी रिपोर्ट में हत्या की बात सामने आई।
रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि कुन्नू को गोली नहीं लगी थी, बल्कि उसके सिर में भाला मारकर उसकी हत्या की गई थी। इसके बाद चर्चा शुरू हुई कि कुन्नू की हत्या करने वालों ने ही रिंगा को फंदे से लटकाया होगा। सभी रिंगा के होश में आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन बीते दिनों रिंगा की भी मौत बरेली के निजी अस्पताल में हो गई।
एसएचओ धनंजय पांडेय का कहना है कि रिंगा की मौत की सूचना उसके परिजनों ने नहीं दी थी। उन्होंने गांव में ही शव की अंत्येष्टि करने के अगले दिन थाने पर सूचना भेजी थी। फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है, इस वजह से मामला दर्ज नहीं किया गया है।
फोटो 04 बीडीएन- 26 कुन्नू की हत्या को आत्महत्या बताते हुए
पुलिस ने दिखाई थी तमंचे की बरामदगी कुन्नू की हत्या को आत्महत्या करार देने वाली वजीरगंज पुलिस ने शव से कुछ ही दूरी पर तमंचे की बरामदगी दिखाई थी। वजीरगंज एसएचओ धनंजय पांडेय घटना के बाद से ही कह रहे थे कि कुन्नू ने गोली मारकर आत्महत्या की है। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस के सभी दावों को झूठा साबित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी वजीरगंज पुलिस हत्या जैसे मामले में शांत रही। अब रिंगा की मौत के बाद जब घटना का राज दफन हो गया तो पुलिस इस घटना को पूरी तरह से नकार चुकी है।
यह थी पुलिस की कहानी
28 अप्रैल 2023 को कुन्नू का खून से लथपथ शव मिलने के बाद पुलिस ने कहानी बनाते हुए बताया था कि कुन्नू और पेड़ से लटके मिले उसके भाई रिंगा में दावत खाते समय विवाद हुआ था। विवाद के चलते कुन्नू ने खेत पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली और उसका शव देखकर रिंगा ने भी फंदे से लटककर आत्महत्या का प्रयास किया था। फिलहाल इस मामले को पुलिस अब पूरी तरह से दबा चुकी है। पूछने पर पुलिस का एक ही कहना रहता है कि मामले की तहरीर नहीं मिली है। खुद की जांच के नाम पर पुलिस चुप्पी साध रही है।


