Budaun News: बिजली लाइन ठीक कर रहा युवक करंट लगने से पोल से गिरा, मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Sun, 18 Jun 2023 12:43 AM IST

जिला अस्पताल में रोते बिलखते मृतक धमेंद्र के परिजन। संवाद
बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव दिधौनी में विद्युत लाइन सही करते वक्त अचानक करंट आने से युवक पोल से नीचे आ गिरा, इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव सतेती निवासी 30 वर्षीय धर्मेंद्र प्राइवेट तौर पर विद्युत लाइन की मरम्मत का कार्य करता था। शनिवार को पावर कॉरपोरेशन के ही एक अधिकारी ने उसे विद्युत लाइन सही करने गांव दिधौनी भेजा था। दिधौनी में जब वह पोल पर चढ़ा तो उसने विद्युत उपकेंद्र पर फोन करके शटडाउन लिया। इसके बाद वह लाइन सही करने लगा। मगर, इसी बीच विद्युत सप्लाई चालू कर दी गई। इससे लाइन सही कर रहा धर्मेद्र करंट की चपेट में आते ही पोल से नीचे गिर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उसको जिला अस्पताल लेकर आए। जिला अस्पताल में देर शाम साढ़े सात बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस संबंध में एसएचओ एके सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद