Pilibhit News: युवक का फंदे से लटका मिला शव

घटना के बाद विलाप करती पत्नी रोशनी। संवाद
– बाइक से खेत पर जाने की बात कहकर गया था युवक, दो वर्ष पूर्व ही हुई थी शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत/अमरिया। थाना अमरिया क्षेत्र के गांव उदयपुर निवासी प्रमोद घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला। इसके बाद उसका शव अपने ही खेत से कुछ दूरी पर पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
गांव उदयपुर निवासी सूरजपाल का बड़ा बेटा 26 वर्षीय प्रमोद हल्द्वानी में एक दुकान पर रहकर नौकरी करता था। वह शुक्रवार को देर शाम हल्द्वानी से अपने घर वापस आया था। शनिवार अपराह्न लगभग तीन बजे घर से खेत पर जाने की बात कहकर बाइक से निकला। कुछ देर बाद उसका खेत से कुछ दूरी पर स्थित नाले के पास लगे पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी से लटका शव मिला।
परिवार वालों ने बताया है कि उन्हें वहां काम कर रहे मजदूरों ने मामले की सूचना दी। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। युवक की दो वर्ष पूर्व ही बरेली के थाना बहेड़ी क्षेत्र के गांव नदेली की रोशनी से शादी हुई थी। एक वर्ष पूर्व एक बेटी काव्या का जन्म हुआ था। बताया जा रहा है कि युवक ने पारिवारिक कलह के चलते यह कदम उठाया।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़ी मिली बाइक
बताया जा रहा है कि युवक ने नई रस्सी को खरीदकर फंदे से लटककर आत्महत्या की। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसकी बाइक खड़ी मिली। खेत में काम करने वाले मजदूरों ने बाइक को देखा। इसके बाद उनकी नजर युवक पर पड़ी। जिसके बाद परिवार को सूचना दी गई।

घटना के बाद विलाप करती पत्नी रोशनी। संवाद