Budaun News: युवक ने फेसबुक पर शेयर किया पत्नी का फोटो, लिखा-आज लगेगी बोली
– दहेज की मांग पूरी न होने पर किया पत्नी को बदनाम, नौ पर रिपोर्ट
– पीड़ित युवती बरेली के एक निजी अस्पताल में कई दिन से है भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक ने पत्नी का फोटो अपनी फेसबुक आईडी पर शेयर करते हुए लिखा कि आज बोली लगेगी… इसके घरवालों ने जबर्दस्ती इसकी शादी मुझसे कर दी, लेकिन यह रहेगी किसी और के साथ। फेसबुक पर की गई इस पोस्ट की जानकारी होते ही मायके में रह रही पीड़िता ने पति समेत नौ लोगों पर दहेज उत्पीड़न, आईटी एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की शादी दातागंज कस्बे के ही एक मोहल्ले के रहने वाले युवक के साथ हुई थी। वर्ष 2021 में शादी होने के बाद वह जब ससुराल पहुंची तभी से उसके ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर उसको उत्पीड़ित कर रहे थे। उसको कई बार घर से निकाल दिया गया। इसके बाद दोनों पक्षों में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला।
इसी बीच युवती बीमार हो गई तो परिजनों ने उसके ससुरालीजनों को सूचना दी, लेकिन देखने कोई नहीं आया। युवती बरेली के एक निजी अस्पताल में कई दिन से भर्ती है, इसी दौरान उसके पति ने अपनी फेसबुक आईडी पर उसका फोटो शेयर करते हुए लिखा कि इसकी आज लगेगी बोली। उसने पोस्ट में लिखा कि उसकी शादी जबर्दस्ती उसके साथ कर दी गई, लेकिन अब वह किसी और के साथ रहेगी। इस तरह की पोस्ट के बारे में युवती को पता चला तो वह काफी आहत हुई। पुलिस ने मामले की तहरीर मिलने के बाद आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की है।