बदायूं

Budaun News: इस सप्ताह परेशान करेगी लू, राहत अभी दूर

Connect News 24

Heat wave will disturb this week, relief is far away

तेज गर्मी में चेहरे को कपड़े से ढककर जाती महलाएं। संवाद

बदायूं। गर्मी से अभी राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। आने वाले दिनों में पारा और चढ़ेगा तो मंगलवार को यह 45 डिग्री के पार जाने की संभावना है। लू और गर्मी से फिलहाल निजात मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही। डॉक्टर भी लोगों को हीट स्ट्रोक से बचने की सलाह दे रहे हैं।

सोमवार को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गर्मी का प्रकोप इस कदर है कि पंखा, कूलर तक गर्म हवा देने लगे हैं। सुबह से ही कड़ी धूप निकल रही है तो दिन में पारा चढ़ने के कारण गर्मी से लोग अब बेहाल हो रहे हैं। सोमवार को 43.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका तापमान मंगलवार को 45 के पार जाने का अनुमान है। ऐसे में भीषण गर्मी लोगों को परेशान करेगी।

सोमवार को चिलचिलाती धूप और गर्मी के चलते शहर के भीड़भाड़ वाले तमाम इलाकों में दोपहर में सन्नाटा दिखा। तपिश का असर देर शाम तक महसूस किया गया। मौसम विज्ञानी डॉ. आलोक सागर गौतम के अनुसार, इस सप्ताह पारा 44 डिग्री से नीचे जाने की उम्मीद नहीं है। हालांकि आगामी रविवार को बादल छाने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके बाद मौसम में कुछ परिवर्तन हो सकता है।

खान-पान और सफर में रखें इन बातों का ध्यान

मौसम के उतार चढ़ाव से लोगों के स्वास्थ्य पर असर रहेगा। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से लू से सतर्क रहने की सलाह दी है। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. नितिन सिंह कहना है कि गर्मी में दोपहर 12 से चार बजे तक के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें। बाहर निकलने पर पानी पीते रहें और धूप में सिर पर अंगोछा आदि डाल लें।

हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें

धूप से बचने के लिए गमछा, टोपी, छाता आदि इस्तेमाल करें। सफर में अपने साथ पानी रखें। शराब, चाय, कॉफी जैसे पेय पदार्थों का इस्तेमाल करने से बचें। इससे शरीर में पानी की कमी होती है और स्वास्थ्य खराब हो सकता है। लस्सी, नमक चीनी का घोल, नींबू पानी, छाछ, आम का पना आदि लू से बचने के लिए फायदेमंद है। उच्च प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ का सेवन करने से भी बचें।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button