Budaun News: दूसरी जगह शादी तय होने पर दी आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। उसहैत इलाके में एक युवक ने युवती को आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती की शादी तय होने से नाराज है। वह कहीं दूसरी जगह शादी होने देना नहीं चाहता। युवती के पिता ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति का कहना है कि उसके गांव का युवक मुस्लिम लगातार उसकी बेटी के साथ छेड़खानी करता है। 20 अगस्त को उसकी बेटी घर से घेर पर जा रही थी। तभी आरोपी ने उसे पकड़ लिया। उसके साथ छेड़खानी की। युवती के शोर मचाने पर गांव के कई लोग आ गए। उन्हें देखकर आरोपी वहां से भाग गया। उस व्यक्ति का आरोप है कि उसने अपनी बेटी की शादी दूसरी जगह तय कर दी है। आरोपी उसकी शादी कहीं दूसरी जगह होने देना नहीं चाहता। उसने धमकी दी है कि अगर कहीं दूसरी जगह उसकी शादी की तो वह युवती के आपत्तिजनक फोटो वायरल कर देगा। इसकी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।